महासमुन्द

तालाब के पास मिले फोलिक एसिड की गोलियां-सिरप, ओआरएस के पैकेट
13-Mar-2026 7:26 PM
तालाब के पास मिले फोलिक एसिड की गोलियां-सिरप, ओआरएस के पैकेट

एक्सपायर होने में 2 माह बाकी, फिर भी जीवनरक्षक दवाइयां फेंक दी गई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 मार्च।
सरायपाली के वार्ड क्रमांक 01 महलपारा में जीवन रक्षक दवाइयों को कचरे की तरह सडक़ किनारे और तालाब फेंक दिया गया है। फेंकी गई कई दवाओं की एक्सपायरी डेट मई 2026 तक है। यानी ये दवाइयां अभी पूरी तरह इस्तेमाल के योग्य थीं।   

महलपारा स्थित बड़े तालाब के पास कल राहगीरों ने इन्हें देखा कि मौके पर भारी मात्रा में आयरन और फोलिक एसिड की गोलियां, सिरप और ओआरएस घोल के पैकेट बिखरे पड़े हुए हैं। इन सभी पर सरकारी सप्लाई नॉट फ ॉर का स्पष्ट होलोग्राम अंकित है।

लोग इसे न केवल संसाधनों की बर्बादी बल्कि सीधे-सीधे तौर पर कुप्रबंधन कहा है। लोगों का कहना है कि एक ओर सरकार अरबों रुपए का बजट आवंटित करती है ताकि सुदूर अंचलों में बैठे गरीबों को मुफ्त इलाज मिल सके और ठीक इसके विपरीत जिम्मेदार अधिकारियों की नाक के नीचे जीवन रक्षक दवाइयां नाले और तालाबों की भेंट चढ़ रही हैं। 

इस गंभीर मामले में जब बीएमओ डॉ.कुनाल नायक से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई है। हमने तत्काल टीम को भेजकर वहां से दवाइयों और मेडिकल कचरे को हटवाने के निर्देश दिए हैं। इस मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी कि यह दवाइयां अस्पताल से बाहर कैसे पहुंचीं और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।  प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर उपयोग किए गए इंजेक्शन, सिरिंज,ग्लूकोज की बोतलें और अन्य मेडिकल कचरा भी मिला है।  स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है कि यदि कोई बच्चा या मवेशी इन दवाइयों का सेवन कर लेता तो परिणाम जानलेवा होता। अब चर्चा है कि मई 2026 तक वैध दवाइयों को फेंकने का सीधा मतलब है कि इन्हें जानबूझकर मरीजों तक पहुंचने ही नहीं दिया गया। 


अन्य पोस्ट