महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 मार्च। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के विशेष प्रयास से पालिका द्वारा कर दाताओं को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए एक सर्व सुविधा युक्त राजस्व कक्ष बनाया जा रहा है। जहां टैक्स जमा करने आने वाले नागरिकों के लिए पेयजल सहित बैठने की विशेष सुविधा रहेगी। उक्त नवीन कक्ष में मकान टैक्स, नल टैक्स सहित पालिका के समस्त करों का भुगतान जमा करने की सुविधा होगी। इस पहल से नागरिकों को टैक्स जमा करने भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उक्त नवीन राजस्व कक्ष में की जा रही तैयारियों का निरीक्षण नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने किया।
श्री साहू ने कहा कि नागरिकों के हितों व सुविधाओं का ध्यान रखना पालिका का प्रथम दायित्व है। नवीन राजस्व कक्ष कर दाताओं की सुविधा के लिए बनाया जा रहा है। पहले अलग-अलग कक्षों में भुगतान की प्रक्रिया से नागरिकों को परेशान होना पड़ता था। अब एक जगह सभी तरह के टैक्स जमा कर सकेंगे।
उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि पालिका आपको सुविधाएं देने की जिम्मेदारी तभी पूरी कर पाएगी,जब आप भी अपनी जवाबदारी का पालन करेंगे। आपके टैक्स भुगतान से ही कर्मचारियों को वेतन मिलता है।