महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 मार्च। जिले के भंवरपुर चौकी अंतर्गत ग्राम उड़ेला में चल रहे श्रीमद् भागवत कथा आयोजन के दौरान एक महिला द्वारा दो-तीन श्रद्धालु महिलाओं के गले से सोने का हार खींचने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला से एक सोने का हार बरामद कर गिरफ्तार कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। ग्रामीणों के अनुसार ग्राम उड़ेला में 7 मार्च से कथा वाचक युवराज पांडे का श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन जारी है। कथा श्रवण के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में गांवों की महिलाएं, श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बताया गया कि 11 मार्च की रात 7 बजे जब श्रद्धालु महिलाएं भंडारा प्रसाद लेने के लिए पत्तल लेकर कतार में खड़ी थीं। उसी दौरान एक महिला ने भीड़ का फायदा उठाकर एक महिला के गले से सोने का हार खींचने का प्रयास किया। इसी बीच आसपास मौजूद लोगों की नजर पड़ गई और मौके पर ही आरोपी महिला को पकड़ लिया गया। बाद में ग्रामीणों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही भंवरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला से पूछताछ की। पूछताछ में महिला ने अपना नाम सोना गुरुड़ी निवासी ग्राम रेडा, जिला सारंगढ़.बिलाईगढ़ बताया।
पूछताछ में आरोपी महिला ने हार खींचने की बात स्वीकार कर ली। उसके कब्जे से एक नग सोने का हार भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ अपराध दर्ज कर किया है। बाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। लोगों ने बताया कि इस आरोपी महिला द्वारा दो अन्य महिलाओं का भी सोने का हार खींचा गया था। फिल हाल उसकी पता साजी की जा रही है।
आरोपी महिला का इस क्षेत्र में कोई जान.पहचान या परिजन नहीं है और वह करीब 60 किलोमीटर दूर सारंगढ़ क्षेत्र के रेडा गांव से इस आयोजन में भीड़ का फायदा उठाकर चोरी जैसी घटना को अंजाम देने के लिए ही यहां आई थी। फिलहाल पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को जेल भेज दिया है।