महासमुन्द

गर्मी के चलते स्कूलों में घटी दर्ज संख्या
12-Mar-2026 3:58 PM
गर्मी के चलते स्कूलों में घटी दर्ज संख्या

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,12 मार्च। होली के बाद क्षेत्र में गर्मी बढ़ गई है और तापमान लगभग 30 से 35 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। दोपहर तेज धूप और गर्म हवा के कारण बच्चों को स्कूल जाना कठिन हो रहा है।

साथ ही मौसम में आए बदलाव के कारण कई बच्चे वायरल फीवर से भी पीडि़त हो रहे हैं, जिसके चलते कई विद्यार्थी नियमित रूप से विद्यालय नहीं पहुंच पा रहे हैं। छात्र और पालक छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए सुबह की पाली में स्कूल लगाने की मांग उठने लगी है।

       जिले के बसना क्षेत्र के देवरी पिलवापाली स्कूल से पता चला है कि कल गुरुवार को दोपहर 1.30 वहां के बजे हाई स्कूल में केवल शिक्षक ही मौजूद थे।

 यहां विद्यालय दो पालियों में संचालित है। पहली पाली में प्राथमिक और मिडिल स्कूल की कक्षाएं दोपहर 12 बजे के बाद हाई स्कूल की कक्षाएं संचालित है। नवमी कक्षा के कई छात्र होली के बाद गर्मी के कारण विद्यालय नहीं पहुंच रहे हैं।

 इसी क्षेत्र के ग्राम लमकसा प्राथमिक विद्यालय में लगभग 20 प्रतिशत बच्चे अनुपस्थित रहे।

 ग्राम छोटेडाभा में प्रधान पाठक नहीं मिले। यहां 3 बजे बच्चों को छुट्टी दे दी गई। ग्राम दुधीपाली में 7 विद्यार्थी गैरहाजिर रहे।

 ग्रामीण पालकों ने गर्मी व नन्हें बच्चों के स्वास्थ्य के मददेनजर स्कूलों में सुबह की पाली में स्कूल संचालित करने की मांग की है।


अन्य पोस्ट