महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 मार्च। अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में महासमुंद जिले की उपलब्धियों में एक और सुनहरा अध्याय जुड़ गया है। भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के तत्वावधान में थाईलैंड के बैंकॉक और पटाया में आयोजित होने वाली इंडो-थाईलैंड महिला एवं पुरुष टेस्ट सीरीज के लिए जिले के दो प्रतिभावान खिलाडिय़ों का चयन भारतीय टीम में हुआ है।
10 से 16 मार्च तक चलने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में महासमुंद से पुष्पेंद्र साहू पुरुष वर्ग में और दीपशिखा साहू महिला वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके साथ ही जिले के लिए गौरव की बात यह है कि अनुभवी प्रशिक्षक नरेश चंद्राकर को भारतीय टीम के कोच के रूप में चुना गया है। पुष्पेंद्र और दीपशिखा लंबे समय से अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदेश सह सचिव अंकित लूनिया के मार्गदर्शन में इन दोनों खिलाडिय़ों ने राज्य स्तरीय, राष्ट्रीय, ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी, सेंट्रल जोन और ओपन नेशनल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। वहीं कोच नरेश चंद्राकर इससे पहले भी साउथ एशिया टेस्ट सीरीज सहित अनेक राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ की टीम को प्रशिक्षित कर चुके हैं।
एक साथ तीन चयन दो खिलाड़ी और एक कोच होने पर महासमुंद में उत्साह का माहौल है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा और भाजपा जिला अध्यक्ष येतराम साहू सहित जिले के खेल प्रेमियों ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया है।
भारतीय बॉल बैडमिंटन संघ के महासचिव वाई राजा राव, छत्तीसगढ़ कार्यकारी अध्यक्ष इसरार अहमद, खेल अधिकारी मनोज कुमार धृतलहरे और जिला सचिव अंकित लुनिया ने खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए थाईलैंड में भारतीय टीम की जीत की कामना की है।