महासमुन्द

देवपुर वन परिक्षेत्र में टाइगर मूवमेंट के संकेत मिलते ही विभाग अलर्ट
11-Mar-2026 4:08 PM
देवपुर वन परिक्षेत्र में टाइगर मूवमेंट के संकेत मिलते ही विभाग अलर्ट

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 11 मार्च।  निकटतम बलौदाबाजार जिले के देवपुर परिक्षेत्र में फिर से टाइगर की मौजूदगी दर्ज की गई है। देवपुर के कक्ष क्रमांक 277 के डुमरपाली क्षेत्र में टाइगर मूवमेंट के संकेत मिलने के बाद वन विभाग अलर्ट पर है। अधिकारियों ने सर्च ऑपरेशन तेज करते हुए इलाके में गश्त और निगरानी बढ़ा दी है। वन विभाग का कहना है कि बलौदा बाजार जिले की सीमा पर स्थित वन क्षेत्र डुमरपाली के देवपुर में बाघ की मौजूदगी यह दर्शाती है कि जंगल का पारिस्थितिकी तंत्र बाघों के अनुकूल हो रहा है।

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह न सिर्फ क्षेत्र के लिए बल्कि पूरे राज्य के वन्यजीव संरक्षण अभियान के लिए एक सकारात्मक संकेत है। विभाग ने पूरे क्षेत्र में चौकसी बढ़ाई है ।

और किसी भी वन्य गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है। उक्त कक्ष में बाघ के पैरों के निशान और मूवमेंट के संकेत मिले हैं।

सूत्रों के अनुसार यह बाघ पड़ोसी राज्य के जंगलों से यहां पहुंचा है। फिलहाल विभाग बाघ के मूवमेंट पर नजर रखे हुए हैं और इलाके में कैमरा ट्रैप एवं पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों को फिलहाल जंगल नजदीक जाने से रोका गया है। गांव-गांव में मुनादी कराई जा रही है। पर्यटकों के लिए कुछ रास्तों पर अस्थायी रोक लगाई गई है। विभाग का कहना है कि इससे बाघ को सुरक्षित माहौल मिलेगा और किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सकेगा। गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी इसी क्षेत्र में एक बाघ सक्रिय था। जिसे बाद में ट्रेंकुलाइज कर गुरु ए घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व भेजा गया था।


अन्य पोस्ट