महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 मार्च। जिला मुख्यालय के तुमगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अछोली में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 3 लाख 55 हजार रुपए मूल्य के सोने के जेवरात चुरा लिया है। यह चोरी पुलिस थाने से महज 10 किमी की दूरी पर हुई है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम अछोली वार्ड नंबर 13 निवासी प्रार्थी देवेंद्र चंद्राकर पिता अशोक चंद्राकर के बड़े भाई तेजेंद्र चंद्राकर का विवाह समारोह महासमुंद के शगुन पैलेस में आयोजित था। पूरा परिवार शादी की खुशियों में शामिल होने के लिए घर में ताला लगाकर कार्यक्रम में गया हुआ था।
इसी दौरान सूने मकान का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही तुमगांव थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है। फिलहाल पुलिस की टीम गांव और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
पीडि़त द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार चोरों ने कुल 3.55 लाख के जेवरात चोरी किए हैं। जिनमें शामिल हैं सोने की चेन 1 वजन 13 ग्राम और एक अन्य चेन 8 ग्राम, सोने के गेहूं दाना कुल 22 नग 10 और 12 के अलग सेट, कान के जेवर एक जोड़ी लटकन और सुई-धागा 3 ग्राम, अन्य आभूषण मंगलसूत्र 4 ग्राम, दो सोने की फुली और सोने की अंगूठी शामिल है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने सबसे पहले आंगन के दरवाजे का ताला खोला और घर के भीतर दाखिल हुए। इसके बाद कमरे में रखी अलमारी का ताला तोडक़र उसमें रखे कीमती आभूषणों को बटोर लिया।