महासमुन्द
ईरान पर अमेरिका-इजराइल के हमले का दुष्प्रभाव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 मार्च। ईरान पर अमरिका-इजराइल के हमले से पेट्रोलियम पदार्थों पर बढ़ी दरों का असर यहां महासमुंद में भी देखा जा रहा है। घरेलू और व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की किल्लत शुरू हो गई है। वैश्विक तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईंधन की कीमतों में आए उछाल का सीधा असर स्थानीय बाजार पर दिखने लगा है। युद्ध के चलते पैदा हुए हालातों ने कामर्शियल सिलेंडर की कीमतों में 115 रुपए और घरेलू सिलेंडर में 60 रुपए का इजाफा कर दिया है। इस वृद्धि के बाद जो कमर्शियल सिलेंडर कल तक 1957 रुपए का था,वह अब बढक़र 2114 रुपए के ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है।
इसी तरह आम आदमी की रसोई को प्रभावित करते हुए 924 रुपए वाला घरेलू सिलेंडर अब 984 रुपए में बिक रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार महासमुंद शहर में लगभग 56 से 57 कमर्शियल सिलेंडर उपभोक्ता हैं। जिनका मुख्य रूप से उपयोग होटलों और ढाबों में होता है। जबकि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 25 हजार एक्टिव कनेक्शन मौजूद हैं। शहर में सामान्य दिनों के दौरान रोजाना लगभग 450 सिलेंडरों की सप्लाई होती है। लेकिन युद्ध की खबरों और भविष्य में किल्लत की आशंका को देखते हुए वर्तमान में सप्लाई की संख्या बढक़र 500 तक पहुंच गई है। रोजाना एक बड़ी गाड़ी के माध्यम से शहर में 525 सिलेंडर पहुंच रहे हैं। युद्ध की पल-पल बदलती खबरों को देखने के बाद उपभोक्ता किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए अभी से एडवांस बुकिंग कराने में जुटे हैं। जिससे एजेंसियों पर दबाव बढ़ गया है। वर्तमान में व्यावसायिक सिंलेंडर की आपूर्ति ठप है। ऐसे में इसका असर सीधे होटल, ढाबों और छोटे व्यवसायियों पर भी पड़ेगा।
इस तरह अब गैस सिलेंडर के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं। आशंका है कि आगामी सप्ताह से पेट्रोल-डीजल की दरों में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि वर्तमान में स्थानीय पेट्रोल पंपों में टैंक फुल होने की वजह से आपूर्ति में कोई तत्काल दिक्कत नहीं है। लेकिन चर्चा है कि निकट भविष्य में तेल संकट गहराने से शहर की रफ्तार थम सकती है। यदि पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति में कोई भी बाधा आती है, तो इसका सबसे बड़ा असर ट्रांसपोर्र्टिंग सेक्टर पर पड़ेगा। माल ढुलाई महंगी होने की स्थिति में बाजार में महंगाई का एक और बड़ा दौर आ सकता है। जिससे आम जनता की मुश्किलें बढऩा तय माना जा रहा है।
जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव ने कहा कि शासन और कंपनी के बीच समन्वय स्थापित कर आपूर्ति नियमित करने के प्रयास जारी हैं। कोई परेशानी नहीं होगी। आवश्यक हो तभी सिलेंडर बुक कराएं।