महासमुन्द
हितग्राही मजबूरी में किराना दुकानों से शक्कर, नमक, चावल खरीद रहे
एएफ ओ हरीश सोनेश्वरी के मुताबिक खाद्यान देर से पहुंचता है, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 मार्च। गरीबों को मुफ्त और रियायती दरों पर खाद्यान उपलब्ध कराने शासकीय उचित मूल्य की दुकानों का संचालन किया जाता है, लेकिन जिले में कई गांव ऐसे हैं, जहां 4 माह से शक्कर, नमक का वितरण नहीं हुआ है और अब चावल भी नहीं दिया जा रहा है। स्थिति यह है कि हितग्राही मजबूरी में किराना दुकानों से शक्कर, नमक, चावल खरीद रहे हैं। यह गंभीर मामला सरायपाली विकासखंड के ग्राम तोषगांव से सामने आया है। यहां फरवरी माह का राशन वितरण अब तक नहीं हुआ है। जबकि कई हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन में पहले ही अंगूठा लगवा लिया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि सहायता समूह लमकेनी द्वारा संचालित तोषगांव की राशन दुकान में इस महीने भारी अनियमितता देखने को मिली है। सबसे गंभीर आरोप यह है कि फरवरी माह का चावल और अन्य खाद्यान दिए बिना ही कई हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन में अंगूठा लगवा लिया गया। सरकारी नियमों के मुताबिक जैसे ही कोई व्यक्ति मशीन पर अंगूठा लगाता है, रिकॉर्ड में यह दर्ज हो जाता है कि उसे राशन मिल चुका है। लेकिन तोषगांव के ग्रामीणों का कहना है कि अंगूठा तो लगवा लिया गया, पर उन्हें आज तक चाक्ल का एक दाना भी नसीब नहीं हुआ।
गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले राशन कार्डधारी ग्रामीण उम्कांती, अम्बिका गहल ने बताया उनका पूरा परिवार सस्कारी राशन के चावल पर ही निर्भर है। जब समय पर राशन नहीं मिलता, तो उन्हें मजबूरन बाजार से महंगे दामों पर चावल खरीदना पड़ता है। कई परिवार तो इतने गरीब हैं कि उनके पास बाजार से अनाज खरीदने के पैसे भी नहीं हैं। इससे उनके सामने भूखे रहने की नौबत आ गई है। इस संबंध में ग्रामीणों ने सरपंच मोहित रौतिया से भी शिकायत की है। सरपंच ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।
तोषगांव में तकरीबन 130 ऐसे हितग्राही हैं, जिनका फरवरी माह के राशन आवंटन के नाम पर थम्ब इंप्रेशन लिया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान अक्सर महीने के आखिरी दिनों में खोली जाती है। जिससे कई लोग समय पर नहीं पहुंच पाते और उनका राशन लैप्स हो जाता है। फरवरी महीने में भी यही हुआ। जिसके कारण बड़ी संख्या में गरीब परिवार राशन से पूरी तरह वंचित हो गए हैं।
सरायपाली के एएफ ओ हरीश सोनेश्वरी ने कहा है कि खाद्यान देर से पहुंचा था, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बनी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर अवगत करा दिया गया है और जल्द ही सभी प्रभावित हितग्राहियों को उनका राशन वितरित कर दिया जाएगा।
इस पूरे विवाद में जय मां लक्ष्मी स्व सहायता समूह लम्केनी की अध्यक्ष पदमिनी जगत और सचिव पुष्पा सिदार का तर्क है कि शासन द्वारा खाद्यात्र अक्सर महीने के आखिरी दिनों में भेजा जाता है। फरवरी माह का चावल भी 28 तारीख को दुकान पहुंचा। जिसके बाद दबाव में रात 10 बजे तक थम्ब इंप्रेशन का कार्य कराया गया। नमक और शक्कर के वितरण न होने पर उन्होंने कहा कि यह सामग्री ऊपर से विभाग द्वारा भेजी ही नहीं जा रही है।