महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9मार्च। सिकंदराबाद तेलंगाना के कावेरी बीज कंपनी द्वारा छत्तीसगढ़ के 133 किसानों एवं मजदूरों के साथ किये गए धोखाधड़ी और किसानों मजदूरों को भुगतान नहीं मिलने से आठ महीने से परेशान किसानों का प्रतिनिधि मंडल ने रविवार को चंद्राकर समाज के कार्यक्रम में परागांव पहुँचे सीएम विष्णु देव साय और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भुगतान प्रदान कराने आवश्यक कार्रवाई के लिए ज्ञापन दिया है।
ज्ञात हो कि वर्ष 2024-25 के रबी सीजन में कावेरी बीज कम्पनी सिकंदराबाद तेलंगाना द्वारा किसानों की भूमि लीज (रेग) पर लेकर बीज उत्पादन कराया गया, मजदूरों से कड़ी मेहनत कराई गई, मशीनरी का उपयोग कराया गया लेकिन आज तक मेहनताना और लीज राशि का भुगतान नहीं किया गया।
कुल बकाया मूल राशि 3 करोड़ 23 लाख26 हजार 3अठ्यासी रुपये और मजदूरों का मेहनताना 789500 रूपये है जिसका जुलाई 2025 से फरवरी 2026 तक 2प्रतिशत मासिक ब्याज जोडऩे पर कुल बकाया राशि 3,8414430 रुपए हो चुकी है।
प्रतिनिधि मंडल में शामिल महासमुंद जिला पंचायत सदस्य जागेश्वर जुगनू चंद्राकर, भारतीय किसान यूनियन (टिकैत ) छत्तीसगढ़ के प्रदेश महासचिव तेजराम विद्रोही, प्रभावित किसानों कृष्ण कुमार चंद्राकर, रोशन चंद्राकर, भीखम चंद्राकर, पंकज चंद्राकर, प्रवीण चंद्राकर, आदि ने कहा कि यह केवल आर्थिक मामला नहीं है, यह किसानों और मजदूरों की मेहनत, सम्मान और जीवन से जुड़ा प्रश्न है।
भुगतान न मिलने के कारण कई परिवार कर्ज में डूब चुके हैं, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित है, और आजीविका संकट में है। शासन-प्रशासन से बार-बार निवेदन करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।


