महासमुन्द

महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सरकार संकल्पित -येतराम साहू
08-Mar-2026 10:26 PM
महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सरकार संकल्पित -येतराम साहू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 8 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष येतराम साहू ने समस्त मातृशक्ति को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। केंद्र की यशस्वी नरेंद्र मोदी सरकार तथा छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए पूर्ण संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है तथा अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से मातृशक्ति को आत्मनिर्भर बनाने का सतत प्रयास किया जा रहा है।

श्री साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से प्रदेश की विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इससे महिलाओं में आत्मविश्वास का संचार हो रहा है और वे परिवार एवं समाज में सशक्त भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना ने समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा दिया है तथा बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा के प्रति जागरूकता का वातावरण निर्मित किया है। इसके साथ ही स्टैंड अप इंडिया योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करते हुए उन्हें व्यवसाय प्रारंभ करने हेतु बैंक ऋण की सुविधा प्रदान की जा रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित कर रही हैं।

श्री साहू ने आगे कहा कि लखपति दीदी योजना के माध्यम से स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को प्रशिक्षण, वित्तीय सहयोग और विपणन की सुविधा उपलब्ध कराकर उनकी आय में वृद्धि की जा रही है। यह योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन में समृद्धि और आत्मविश्वास का नया अध्याय लिख रही है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में मातृशक्ति को सृजन और शक्ति का प्रतीक माना गया है। आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, राजनीति, प्रशासन और सामाजिक जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और परिश्रम से नए आयाम स्थापित कर रही हैं। भारतीय जनता पार्टी सदैव मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी इसी संकल्प के साथ कार्य करती रहेगी।


अन्य पोस्ट