महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 6 मार्च । शहर से लगे ग्राम लाखागढ़ में एक सूने मकान का ताला तोडक़र चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर घर से चांदी के सिक्के, मोटरसाइकिल और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। परिजनों के अनुसार चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम लाखागढ़ निवासी हेमलाल प्रधान अपने परिवार के साथ अपने गृह ग्राम बारनायपारा गए हुए थे। इस दौरान घर बंद था। बुधवार शाम जब परिवार के सदस्य वापस लाखागढ़ स्थित अपने घर पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ मिला।
घर के अंदर जाने पर सामान बिखरा हुआ था और आलमारी भी टूटी मिली। परिजनों के अनुसार अज्ञात लोग घर के अंदर घुसकर आलमारी तोडक़र चांदी के सिक्के, एक मोटरसाइकिल और अन्य सामान ले गए।
परिजनों का कहना है कि चोरी हुए सामान की कुल कीमत लगभग दो लाख रुपये के आसपास हो सकती है। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ घर के पास जुट गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ समय पहले नगर के पास स्थित कर्मचारी कॉलोनी में भी चोरी की घटना सामने आई थी।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


