महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 मार्च। महासमुंद जिले के बसना पदमपुर मार्ग पर ओडि़शा बार्डर से लगे ग्राम से पलसापाली के अंतरराज्यीय बेरियर पर भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 1 करोड़ 37 लाख रुपए कीमत का गांजा जब्त किया है। इसके अलावा गांजा परिवहन में प्रयुक्त एक मिनी ट्रक, मोबाइल तथा नगदी राशि जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 28 फरवरी को दोपहर डेढ़ बजे का ग्राम पलसापाली बेरियर पर नियमित जांच के दौरान एक संदिग्ध मिनी ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में छिपाकर रखा गया 2 क्विंटल 74 किलो 900 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजा की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1 करोड़, 37 लाख रुपए आंकी गई है। मौके से आरोपी रोशन यादवमध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने परिवहन में प्रयुक्त मिनी ट्रक अनुमानित कीमत 7 लाख रुपए, दो मोबाइल कीमत 11 हजार तथा नगद 1120 रुपए भी जब्त किए हैं।


