महासमुन्द
पुलिस सभी को लेकर आई
रायपुर और ओडि़शा पुलिस रेंज पूरी तरह नक्सलमुक्त -एडीजी सिन्हा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 मार्च। बरगढ़-बलांगीर-महासमुंद बनाम बीबीएम डिविजनल कमेटी डीवीसी के प्रभारी विकास उर्फ जंगु (स्टेट कमेटी मेम्बर) के नेतृत्व में 14 साथी नक्सलियों के आत्मसमर्पण के बाद कल मीडिया से नक्सल विरोधी अभियान के एडीजी विवेकानंद सिन्हा ने कहा कि अब रायपुर और ओडिशा पुलिस रेंज पूरी तरह नक्सलमुक्त हो चुका है।
मालूम हो कि रविवार को मीडिया और पुलिस के सामने विकास ने अपने बाकी के 14 साथियों संग आत्मसमर्पण कर दिया है। इनमें चलपति के गार्ड के रूप में कार्यरत रहीं सेंट्रल कमेटी की 6 सदस्यों समेत 9 महिलाएं व 6 पुरूष शामिल हैं।
गौरतलब है कि लगभग सप्ताह भर से छग और ओडिशा सीमा के जंगलों में सक्रिय डीवीसी कमेटी के सभी 15 नक्सलियों के होली पूर्व आत्मसमर्पण करने के प्रस्ताव को लेकर चर्चा थी। पुलिस ने पूरी तैयारी कर रखी थी। यह मामला गृहमंत्री विजय शर्मा द्वारा आकाशवाणी से सुरक्षा की गारंटी देने के बाद जोर पकड़ा था।
‘छत्तीसगढ़’ ने 27 फरवरी को होली पूर्व नक्सलियों के सरेंडर होने की संभावना को लेकर खबर प्रकाशित की थी और एक मार्च को सभी 15 नक्सलियों ने रक्षित आरक्षी केंद्र महासमुंद में हथियारों के साथ सरेंडर कर दिया।
आत्मसमर्पण करने वाले खूंखार नक्सलियों में बरगढ़-बलांगीर-महासमुंद डिवीजन प्रभारी विकास उर्फ सुदर्शन, पूर्व नक्सली सागर, स्टेट कमेटी मेम्बर के अलावा 14 नक्सली शामिल हैं। इन्होंने अपने साथ 3 एके-47, 2 एसएलआर, 2 इंसास, 4.303 और 3.12 बोर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार विकास 25 लाख का ईनामी है। इसके अलावा सरेंडर करने वाले अन्य 14 नक्सलियों पर कुल 48 लाख का ईनाम घोषित है।
रक्षित केंद्र में मीडया को जानकारी देते हुए एडीजी नक्सल विरोधी अभियान विवेकानंद सिन्हा ने बताया कि महासमुंद जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय बरगढ़ बलांगीर महासमुंद डिवीजनल कमेटी डीबीसी के सदस्यों को आत्मसमर्पण हेतु विभिन्न संपर्क माध्यमों आकाशवाणी, बैनर, पोस्टर, पाम्पलेट तथा अन्य संवाद माध्यमों से लगातार अपील की जा रही थी। संवाद माध्यमों से शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत समर्पण करने पर पद अनुरूप ईनाम राशि की सुविधा, हथियार के साथ समर्पण करने पर ईनाम राशि की सुविधा, बीमार होने पर स्वास्थ्य सुविधा, आवास एवं रोजगार व्यवस्था का लगातार प्रचार.प्रसार किया जा रहा था। प्रेस वार्ता के पहले ही आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों का तिरंगा, संविधान की एक प्रति व लाल गुलाब भेंटकर स्वागत किया गया।
पुष्ट जानकारी अनुसार गृहमंत्री से गारंटी मिलने के बाद टीम को ओडिशा के जंगल से 28 फरवरी और 1 मार्च की दरमियानी रात लगभग 11 बजे निकाला गया। यहां से सभी रात लगभग 2 बजे महासमुंद जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के झांज पहाड़ी पर पहुंचे। महासमुंद पुलिस की टीम सिंघोड़ा थाने में भी तैयार थी। शनिवार की देर रात सभी सशस्त्र नक्सली पहाड़ी से उतरकर नीचे अर्जुंदा आए और एक स्कूल के पास बैठ गए। वहां पूर्व नक्सली सागर पुलिस और नक्सलियों के बीच सेतु का काम कते रहे।
कल एक मार्च की तडक़े 3 बजे एसपी प्रभात कुमार को मोबाइल पर पाइंट मिलाकर नक्सलियों ने कहा-हम आ गए हैं,आपका इंतजार कर रहे हैं। इस बीच नक्सलियों ने कुछ कठिन शर्तें भी रखीं लेकिन महासमुंद पुलिस की टीम खतरा उठाते हुए नक्सलियों के पास पहुंची और रिसिविंग के बाद सभी को प्रात: 6.30 बजे रक्षित केंद्र महासमुंद लेकर आई।
विकास को छोडक़र सभी 14 नक्सली छत्तीसगढ़ के हैं और बीबीएम कमेटी ने छग के गृहमंत्री को पत्र लिखकर सरेंडर करने की इच्छा जताई थी। लिहाजा इन्हें महासमुंद में अंजाम तक पहुंचाया जा सका। सभी 15 आत्मसमर्पित नक्सली भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी के ओडि़शा राज्य कमेटी के सदस्य थे। इसके अंतर्गत ओडि़शा-छत्तीसगढ़ सीमावर्ती क्षेत्र नक्सली पश्चिमी जोन के बरगढ़-बलांगीर-महासमुंद डिवीजन के सदस्य थे। संगठनात्मक रूप से ये तीन अलग-अलग एरिया कमेटी में विभाजित थे। जिसमें से ओडि़शा स्टेट कमेटी और बीबीएम डिवीजन का निर्माण 2010 के बाद हुआ था।
आत्मसमर्पित नक्सलिसयों में सबसे सीनियर विकास उर्फ सुदर्शन उर्फ जंगू उर्फ बाबन्ना उर्फ राजन्ना उर्फ मुप्पीड़ी साम्बाईह उम्र 57 वर्ष ग्राम तारलापल्ली, थाना हनुमाकोण्डा, जिला वारंगल तेलंगाना का मूल निवासी है। साल 1985 से संगठन में सक्रिय विकास तेलंगाना स्टेट जोनल कमेटी, 10 साल तक डीकेएसजेडसी के दक्षिणी सब जोन का सचिव, दो साल गढ़़चिरोली डिवीजन का प्रभारी इत्यादि पद पर कार्य करने के बाद ओडि़शा स्टेट कमेटी का निर्माण करने वाले नक्सलियों में से एक है।
इसी तरह डिविजनल कमेटी सदस्य मंगेश 2010 में ओडि़शा आने से पहले डीकेएसजेडसी के उत्तर बस्तर डिवीजन के प्लाटून 5 का सदस्य था। डिविजनल कमेटी सदस्य बाबू 2010 में ओडि़शा आने से पहले डीकेएसजेड सी के माड़ डिविजन के प्लाटून 1 का सदस्य था। दोनों पर 8 लाख का ईनाम है।
आत्मसमर्पित नक्सलिसयों में विकास, मंगेश, बााबू, प्रमीला,मनोज,करुणा, रोजा, रोशनी, राधिका, दीपना, रीना, जुगनू,पांडू, रनीला, शामिल हैं। इस ग्रुप का 6 सदस्य प्रमीला, सोनू, रीना,दिनेश,दीपना, रानू सेंट्रल कमेटी सदस्य चलपति के गार्ड के रूप में कार्यरत रहे हैं। पत्रकार वार्ता के दौरान आईजी नार्दन रेंज सम्बलपुर ओडि़शा हिमांशु लाल, आईजी ग्रामीण रायपुर अमरेश मिश्रा, आईजी.एसआईबी वी एस.ध्रुव, कलेक्टर महासमुंद विनय कुमार लंगेह, एसपी बरगढ़ प्रहल्लाद सहारा मीना, एसपी बलांगीर अभिलाष, एसपी महासमुंद प्रभात कुमार,एएसपी महासमुंद प्रतिभा पांडे समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे।