महासमुन्द

स्थगन आदेश के बावजूद निर्माण का आरोप
02-Mar-2026 2:55 PM
स्थगन आदेश के बावजूद निर्माण का आरोप

 ग्राम पंचायत पर अवमानना का मामला उठाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 2 मार्च। ग्राम बेलसोंडा निवासी पोखान लाल चंद्राकर ने आरोप लगाया है कि न्यायालय द्वारा स्थगन आदेश दिए जाने के बावजूद उनकी कथित निजी जमीन पर ग्राम पंचायत द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

 क्या है मामला

पोखान लाल चंद्राकर के अनुसार, ग्राम पंचायत बेलसोंडा की ओर से खसरा नंबर 1661 से अतिक्रमण हटाने संबंधी नोटिस 10 जनवरी और 13 जनवरी को जारी किया गया था। इसके विरुद्ध उन्होंने न्यायालय में याचिका दायर की, जिस पर न्यायालय ने संबंधित कार्रवाई पर स्थगन आदेश जारी किया।

चंद्राकर का आरोप है कि स्थगन आदेश के बाद भी सरपंच प्रीति धीवर और सचिव नेहा उपाध्याय के कार्यकाल में उनकी जमीन पर दीवार निर्माण का कार्य जारी है। उनका कहना है कि यह जमीन उनकी पुश्तैनी संपत्ति है, जिस पर उनका परिवार खेती करता है।

जमीन से संबंधित दावा

पत्रकार वार्ता में चंद्राकर ने बताया कि ग्राम पंचायत बेलसोंडा के विभिन्न खसरों—2461, 2462, 1662, 2469 और 1655—में उनके परिवार की जमीन दर्ज है। उन्होंने कहा कि बंदोबस्त से पूर्व के अभिलेखों और वर्तमान रिकॉर्ड में विसंगतियां हैं, जिनकी वजह से भूमि की स्थिति को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में उनकी पत्नी द्वारा सरपंच पद पर रहते हुए कुछ कार्रवाइयां की गई थीं, जिसके कारण वर्तमान विवाद उत्पन्न हुआ है।

 

 न्यायालय में निवेदन

चंद्राकर ने न्यायालय से अनुरोध किया है कि संबंधित क्षेत्र की भूमि का बंदोबस्त पूर्व अभिलेखों से मिलान कर चिन्हांकन कराया जाए, ताकि शासकीय और निजी भूमि की स्थिति स्पष्ट हो सके।

 पंचायत का पक्ष

इस संबंध में ग्राम पंचायत या संबंधित अधिकारियों की प्रतिक्रिया समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सकी है।

 


अन्य पोस्ट