महासमुन्द
महासमुंद, 1 मार्च। तुमगांव एनएच मेन रोड पर हुए एक सडक़ हादसे में अपनी जान गंवाने वाले एक अज्ञात युवक का अंतिम संस्कार महासमुंद मुक्तिधाम सेवा समिति के सदस्यों ने पूरे विधि.विधान और सम्मान के साथ संपन्न किया। घटना ग्राम अमावश-बेलटुकरी चौक के पास की है, जहां लगभग 30-35 वर्ष की आयु के एक अज्ञात युवक की सडक़ दुर्घटना में मृत्यु हो गई।
मृतक ने भूरे रंग की कमीज और हल्के नीले रंग की पैंट पहनी हुई थी। काफी प्रयासों के बाद भी जब युवक की पहचान नहीं हो सकी और कोई वारिस सामने नहीं आया। तब मानवता का धर्म निभाते हुए मुक्तिधाम सेवा समिति ने जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली। युवक को लावारिस समझकर छोड़ देने के बजाय समिति के सदस्यों ने स्थानीय मुक्तिधाम में उसका अंतिम संस्कार किया। समिति के सदस्यों का कहना है कि दुनिया में कोई भी लावारिस नहीं होता, मृत्यु के पश्चात ससम्मान विदाई हर मनुष्य का अधिकार है।