महासमुन्द

नशा करने से किया मना, नानी की हत्या
28-Feb-2026 4:44 PM
नशा करने से किया मना,  नानी की हत्या

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 28 फरवरी। महासमुंद जिले के सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम गौरिया में 25 फरवरी को नशा करने से मना करने पर एक युवक ने अपनी नानी को बाल्टी, पानी की बोतल से मारा, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। सांकरा पुलिस आरोपी के खिलाफ  अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना में जुटी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहन सेठ ग्राम बलौदा 23 फरवरी को अपने नानी-नाना के घर ग्राम गौरिया आया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि रोहन समय-समय पर विभिन्न प्रकार का नशा करता था और नशे की आदत के चलते अक्सर वाद-विवाद तथा झगड़ों में उलझ जाता था।

घटना के दिन 25 फरवरी की दोपहर जब मिथिला बाई (65 वर्ष) पति निरंजन लाल सेठ ने नशा करने से मना किया तो रोहन गुस्से में आ गया।

इसी तनाव के बीच उसने घर में उपलब्ध स्टील की पानी की बोतल से बार-बार अपनी नानी के सिर पर प्रहार किया। गंभीर चोटें लगने से मिथिला बाई लहूलुहान अवस्था में बरामदे में गिर पड़ीं। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों के मुताबिक वृद्धा के सिर से खून बह रहा था और खून के छींटे उसके चेहरे, दोनों हाथों तथा शरीर के अन्य हिस्सों पर लगे हुए थे।          

परिजनों ने घायल वृद्धा को उठाकर घर के बरामदे में खाट पर रखा और तभी गंभीर स्थिति के कारण उसकी मौत हो गई।

ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक घटना को रोहन के बड़े मामा महेंद्र कुमार सेठ और श्याम लाल पटेल सहित कई लोगों ने देखा और सुना है। घटना की सूचना पर सांकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर आवश्यक प्रारंभिक जांच एवं चिकित्सा परीक्षण कराया।

 पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए आरोपी रोहन के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103-1 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट