महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 फरवरी। महासमुंद जिले की एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने एनएच-53 पर घेराबंदी कर ओडिशा से मध्यप्रदेश गांजा तस्करी कर रहे दो अंतरराज्यीय तस्करों को दबोचा है। आरोपियों के कब्जे से 35 किलो गांजा बरामद किया गया है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 17 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। इस मामले में पकड़े गए दो आरोपी मुरैना मध्यप्रदेश के हैं। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की कार में ओडिशा के पदमपुर से भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर महासमुंद के रास्ते मध्यप्रदेश की ओर जा रहे हैं। रेहटीखोल के पास नाकाबंदी के दौरान जब संदिग्ध कार को रोका गया, तो तलाशी में पुलिस भी हैरान रह गई। तस्करों ने कार की पिछली सीट के पीछे एक विशेष गुप्त चेंबर बना रखा था, जिसमें गांजे के पैकेट छिपाए गए थे।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंकज राठौर 22 साल, हेमंत सिंह तोमर 22 साल दोनों निवासी जिला मुरैना मप्र के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे यह खेप पदमपुर ओडि़शा से लोड कर मुरैना मप्र में खपाने ले जा रहे थे।
पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 29 लाख 80 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है। वहीं 35 किलो जिसकी कीमत 17 लाख, 50 हजार रुपए, हुंडई वरना कार 12 लाख रुपए, 2 मोबाइल, नगदी रकम 5 हजार रुपए को जब्त किया है।
आरोपियों के खिलाफ थाना सिंघोड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी, 29 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय पेश किया गया है।