महासमुन्द

कर्मचारी कॉलोनी में चोरी की वारदातें बढ़ी, पुलिस जांच
28-Feb-2026 3:19 PM
कर्मचारी कॉलोनी में चोरी  की वारदातें बढ़ी, पुलिस जांच

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 28 फरवरी।  पिथौरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत लहरौद स्थित कर्मचारी कॉलोनी में पिछले कुछ वर्षों के दौरान चोरी की कई घटनाएं दर्ज की गई हैं। स्थानीय निवासियों ने पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है, जबकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामलों की जांच की जा रही है।

उपलब्ध शिकायतों के अनुसार वर्ष 2026 में राकेश नायक के निवास से लगभग 30 लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज की गई। सत्यवती दुबे के घर से लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये नगद और जेवरात चोरी होने तथा बाल कुमार ठाकुर के घर से लगभग 3 लाख रुपये के सामान चोरी होने की भी जानकारी पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज है।

वर्ष 2024 में चितरंजन चौधरी की कार का कांच तोडक़र लगभग 10 लाख रुपये नगद चोरी होने की घटना सामने आई थी। इसके अतिरिक्त वर्ष 2022 में महेश साहू के घर से लगभग 4 लाख रुपये के जेवर, वर्ष 2021 में नीरज अग्रवाल के घर से लगभग 5 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति तथा जितेंद्र प्रसाद दुबे के यहां लगभग 3 लाख रुपये की चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।

स्थानीय निवासी पुनीत सिन्हा ने बताया कि उनके घर में एक वर्ष के भीतर दो बार चोरी हुई थी, जिसकी शिकायत थाने में की गई थी। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच के लिए आई थी, लेकिन अभी तक मामले का खुलासा नहीं हुआ है। महेश साहू और सत्यवती दुबे ने भी चोरी की घटनाओं की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी में 5-6 छोटी घटनाएं ऐसी भी हुईं, जिनकी औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय ने मीडिया को बताया कि सभी प्रकरणों की समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व की कुछ घटनाओं में जल्द खुलासा होने की संभावना है तथा हाल की घटनाओं की जांच के लिए दो टीमें लगाई गई हैं।

पिथौरा थाना के प्रभारी सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि उनके कार्यभार संभालने के बाद एक ही चोरी की घटना दर्ज हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम जांच में लगी है और नियमित गश्त की जा रही है।

पुलिस ने नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की है।


अन्य पोस्ट