महासमुन्द

खड़े ट्रैक्टर से टकराई बाइक, 2 मौतें
20-Feb-2026 1:12 PM
खड़े ट्रैक्टर से टकराई बाइक, 2 मौतें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 फरवरी।
महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 53 परसडक़ हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। यह घटना छुईपाली टोल प्लाजा के पास बीती रात हुई। मृतकों की पहचान ग्राम गौरटेक निवासी परमानंद भोई और उपेश नाग के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम परमानंद भोई अपने रिश्तेदार उपेश नाग के साथ लिमगांव से घरेलू काम निपटाकर वापस लौट रहे थे। उपेश नाग बाइक (सीजी 04 एचवी 3929) चला रहा था। शाम करीब 7 बजे वे नेशनल हाईवे 53 पर छुईपाली टोल प्लाजा के आगे तिवारी ढाबा के पास पहुंचे।

यहां सडक़ पर बिना नंबर और संकेतक के एक ट्रैक्टर खड़ा था, जिसका चालक मौके पर मौजूद नहीं था। बाइक चालक उपेश नाग को यह ट्रैक्टर दिखाई नहीं दिया और उनकी बाइक सीधे उससे टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों सवार सडक़ पर गिर गए।

इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। अज्ञात वाहन इतनी तेज रफ्तार थी कि कुचले जाने से शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।

सूचना मिलने पर बसना पुलिस घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।


अन्य पोस्ट