महासमुन्द

सूने मकान से 30 लाख के सोने चांदी के जेवर सहित नगदी चोरी
19-Feb-2026 1:18 PM
सूने मकान से 30 लाख के सोने चांदी के जेवर सहित नगदी चोरी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
  पिथौरा, 19 फरवरी।
पिथौरा नगर से लगे ग्राम पंचायत लहरौद स्थित कर्मचारी कॉलोनी में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लगभग 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नगदी पार कर दिए। घटना की जानकारी बुधवार शाम को तब हुई, जब परिवार के सदस्य तीर्थ यात्रा से वापस  घर लौटे।

मिली जानकारी के अनुसार कर्मचारी कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक चंद्रशेखर नायक अपनी पत्नी के साथ तीर्थयात्रा हेतु गुजरात गए हुए थे। उनकी पुत्री प्रेमलता नायक खाटूश्याम दर्शन के लिए गई थीं, जबकि पुत्र राकेश नायक और बहू अंजू नायक किसी कार्यवश रायपुर गए थे और रात्रि में वहीं रुकना पड़ा। घर में रहने वाली किरायेदार भी उस दिन बाहर थे। सूने मकान का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य द्वार पर लगे बड़े ताले को ग्लेंडर मशीन से काट दिया।

घर के भीतर घुसकर चोरों ने आलमारी तोड़ दी और लगभग 10 तोला सोने के जेवरात, 150 तोला चांदी के आभूषण तथा एक लाख रुपये से अधिक नगदी पार कर फरार हो गए। सोने-चांदी के आभूषणों एवं नगदी को मिलाकर करीब 30 लाख रुपये की चोरी होने की आशंका परिवारजनों द्वारा जताई जा रही है।
जब परिवार के सदस्य लौटे तो मुख्य द्वार का टूटा ताला देखकर दंग रह गए। अंदर का सामान बिखरा पड़ा था और आलमारी क्षतिग्रस्त मिली। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

ज्ञात हो कि कर्मचारी कॉलोनी क्षेत्र में पूर्व में भी चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। कुछ महीने पूर्व पास ही स्थित व्यवसायी चित्ररंजन चौधरी की कार से करीब 10 लाख रुपये की चोरी का मामला भी सामने आया था, जिसका सुराग अब तक पुलिस नहीं लगा पाई है। बार-बार हो रही इन वारदातों से कॉलोनीवासियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।
 स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की रात्रि गश्त न के बराबर है, जिसका फायदा शातिर चोर उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच की आवश्यकता है। रहवासियों ने बताया कि कॉलोनी में कई मकान ऐसे हैं जहां परिवारजन अक्सर बाहर जाते रहते हैं, जिसका फायदा उठाकर चोर गिरोह सक्रिय हो रहे हैं। लगातार हो रही वारदातों से क्षेत्रवासियों में दहशत और आक्रोश व्याप्त है।

 दूसरी और स्थानीय पुलिस नें बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हम आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है, जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।फिलहाल मामला सायबर क्राइम को सौंपा गया है।


अन्य पोस्ट