महासमुन्द
महासमुंद,18 फरवरी। जिले में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित 10 वीं और 12वीं की परीक्षाओं के लिए प्रशासन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। कल सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल समन्वय केंद्र में गहमा-गहमी का माहौल रहा। जहां से जिले के सभी 115 परीक्षा केंद्रों के लिए गोपनीय सामग्री का वितरण किया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच प्रश्नपत्रों और अन्य दस्तावेजों को 13 विशेष बसों के जरिए जिले के 15 थानों और चौकियों तक पहुंचाया गया है। जहां से इन्हें पुलिस की निगरानी में सभी नजदीकी परीक्षा केंद्रों के थानों में जमा कराया गया।
विभाग से मिली जानकारी अनुसार इस वर्ष परीक्षाओं में परीक्षार्थियों की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई है।
पिछले साल के मुकाबले इस बार 1हजार 889 अधिक छात्र परीक्षा दे रहे हैं। इस बार माध्यमिक शिक्षा मंडल ने सीबीएसई की तर्ज पर परीक्षाओं को जल्दी निपटाने का फैसला किया है। अमूमन 1 मार्च से शुरू होने वाली परीक्षाएं इस बार 10 दिन पहले यानी 20 फरवरी से शुरू हो रही हैं। परीक्षा प्रभारी एन के सिन्हा ने बताया कि केंद्रों पर पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कुल 40 अधिकारियों की ड्यूटी उडऩदस्ता दलों में लगाई गई है। परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक निर्धारित है। 12वीं की शुरुआत 20 फरवरी भूगोल, भौतिक शास्त्र, 10 वीं की शुरुआत 21 फरवरी हिंदी से होगी। समन्वय केंद्र से केंद्राध्यक्षों को न केवल प्रश्नपत्र बल्कि उपस्थिति पत्रक, अभिरक्षा पंजी,चेक लिस्ट और चेतावनी पोस्टर जैसी सभी आवश्यक सामग्रियां सौंप दी गई हैं। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए तहसील स्तर पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।


