महासमुन्द

निकासी बंद होने से मार्ग पर जलभराव, मोहल्लेवासियों की बढ़ी परेशानी
18-Feb-2026 3:49 PM
निकासी बंद होने से मार्ग पर जलभराव, मोहल्लेवासियों की बढ़ी परेशानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 18 फरवरी। शहर के रिवरडेल स्कूल के किनारे स्थित गली में जलनिकासी अवरुद्ध होने से स्थानीय निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि एक जमीन मालिक द्वारा अपनी खाली भूमि बेचने की तैयारी के चलते घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी रोक दी गई है, जिससे पूरी गली में जलभराव की स्थिति बन गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी गली में गायों का एक बड़ा तबेला भी संचालित है। मवेशियों को नहलाने तथा घरों से निकलने वाले निस्तारी के पानी के कारण सडक़ पर तालाब जैसी स्थिति निर्मित हो जाती है। हालात ऐसे हैं कि एकमात्र रास्ता पूरी तरह लबालब भर जाता है और आवागमन बाधित हो जाता है। मोहल्लेवासियों ने बताया कि हाल ही में जलभराव के कारण वहां स्थित बिजली का खंभा गिरने की स्थिति में पहुंच गया था, जिसे समय रहते संभाल लिया गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

समस्या के समाधान के लिए क्षेत्रवासी संबंधित सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। नागरिकों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर जलनिकासी व्यवस्था बहाल कराने और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।


अन्य पोस्ट