महासमुन्द

मनरेगा का नाम बदलने-धान खरीदी तारीख बढ़ाने की मांग, कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन
31-Jan-2026 7:53 PM
मनरेगा का नाम बदलने-धान खरीदी तारीख बढ़ाने की मांग, कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31जनवरी।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि अवसर पर जिला मुख्यालय में स्थित कांग्रेस भवन में कांग्रेसजनों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद सामाजिक न्याय के सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया और विरोध प्रदर्शन करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ  मोर्चा खोल दिया।
प्रदर्शन का मुख्य बिंदु-केन्द्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम मनरेगा का नाम बदलने तथा राज्य सरकार द्वारा धान खरीदी समय सीमा को बढ़ाने की मांग था।  कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। जिसने लाखों परिवारों को रोजगार की गारंटी दी है। इसका नाम बदलना गांधी के विचारों का अपमान है।
कांग्रेस ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार की गलत नीतियों की वजह से जिले सहित पूरे प्रदेश के लगभग 40 प्रतिशत किसान अब तक अपना धान नहीं बेच पाए हैं। अपनी मांगों को मनवाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम कर दिया। कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। लेकिन प्रदर्शनकारियों ने इसे किसानों और मजदूरों के हितों के लिए शांतिपूर्ण संघर्ष बताया। कांग्रेस की मुख्य मांगें रही कि धान खरीदी की अंतिम तिथि तत्काल बढ़ाई जाए। जब तक अंतिम किसान का धान नहीं बिक जाता, तब तक केंद्र खुले रहे। मनरेगा के नाम और स्वरूप से छेड़छाड़ बंद हो।
आंदोलन महासमुंद में पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर, अमरजीत चावला, डॉ.रश्मि चंद्राकर, कुलवंत खनूजा, खिलावन बघेल,शहर अध्यक्ष गुरमीत चावला, बिरकोनी क्षेत्र में एनएच-53 सांकेतिक चक्काजाम में जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष मानिक साहू के नेतृत्व में, सरायपाली विधानसभा क्षेत्र एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन एवं सांकेतिक चक्का जाम का नेतृत्व विधायक चातुर नंद ने किया। विधायक चातुरी नंद के नेतृत्व में क्षेत्र के चारों ब्लाकों सरायपाली शहर, सरायपाली ग्रामीण, भंवरपुर एवं छुईपाली में एक साथ चक्काजाम किया गया।
ब्लाक कांग्रेस कमेटी भंवरपुर के द्वारा भंवरपुर में, सरायपाली ग्रामीण द्वारा जलपुर मौड़ कैदुबां में, छुईपाली द्वारा ग्राम सिंघोड़ा में तथा सरायपाली शहर के द्वारा घंटेश्वरी मंदिर के समीप धरना-प्रदर्शन एवं सांकेतिक चक्का जाम कर किसानों और मजदूरी के मुद्दों की ओर सरकार का ध्यान आकृष्ट किया गया। धरना-प्रदर्शन में ब्लाक कांग्रेस कमेटी सरायपाली ग्रामीण के अध्यक्ष तेजराम पटेल, शहर अध्यक्ष कमल अग्रवाल, भंवरपुर ब्लाक अध्यक्ष घसिया सिदार, छुईपाली ब्लाक अध्यक्ष तन्मय पंडा सहित बड़ी संख्या में किसान, मजदूर, कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भंवरपुर के तत्वावधान में सोमवार को सकितिक चक्का जाम एवं धरना प्रदर्शन किया गया। आंदोलन का नेतृत्व सरायपाली विधायक चतुरी नंद एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष घासोगा सिदार ने किया। धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर गरीयों और किसानों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। बागबाहरा, पिथौरा, बसना क्षेत्र में कांग्रेस के तमाम पदाधिकारियों ने सडक़ पर बैठकर धरना-प्रदर्शन किया।


अन्य पोस्ट