महासमुन्द

कांग्रेस का सांकेतिक चक्काजाम 30 को
29-Jan-2026 4:05 PM
कांग्रेस का सांकेतिक चक्काजाम 30 को

महासमुंद, 29 जनवरी। धान खरीदी की तिथि बढ़ाने को लेकर कांग्रेस का चक्का जाम कल 30 जनवरी को किया जायेगा। उक्त जानकारी देते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने कहा है कि छग में धान खरीदी खरीफ वर्ष 2025-26 को लेकर सरकार के दावों और जमीनी हकीकत के बीच विरोधाभास देखने को मिल रहा है। जहां सरकार इसे ऐतिहासिक बता रही है। वहीं जमीनी स्तर पर किसानों की शिकायतों से स्पष्ट है कि सरकारी दावे खोखले हैं। उधर  छग प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज ने मांग की है कि खरीदी की तारीख को कम से कम एक महीने फरवरी के अंत तक बढ़ाया जाए। क्योंकि लगभग 5.5 लाख किसान अभी भी अपना धान नहीं बेच पाये हैं।

जबकि नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने इस संबंध में राज्यपाल को पत्र लिखकर हस्तक्षेप करने और तारीख बढ़ाने की मांग की है। जिलाध्यक्ष श्री यादव ने कहा कि यदि किसानों का पूरा धान खरीदना नहीं चाहती है तो स्पष्ट सरकार बताये। क्योंकि सरकार की दाना-दाना धान खरीदने की मंशा कहीं दिखाई नहीं दे रही है। अधिकारियों द्वारा भौतिक सत्यापन के बाद भी किसान को टोकन जारी में सरकार कोताही बरत रही है।

श्री यादव ने बताया कि सरकार की ऐसी मंशा को देखकर किसान दाना-दाना धान बिके इसलिये धान खरीदी की तारीख बढ़ाने सरकार पर दबाव बनाने प्रदेश में चक्का जाम करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि 30 जनवरी को कांग्रेस पार्टी  प्रदेश भर में सांकेतिक चक्का जाम करेगी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत ब्लॉक स्तर पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन का भी आयोजन कांग्रेस द्वारा किया जाएगा।


अन्य पोस्ट