महासमुन्द

पैदल देश घूमने निकले पल्लव देव ने महासमुंद विधायक से की मुलाकात
27-Jan-2026 3:22 PM
पैदल देश घूमने निकले पल्लव देव ने महासमुंद विधायक से की मुलाकात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 27 जनवरी। असम का एक 25 वर्षीय युवक पूरे देश की पैदल यात्रा करने के लिए संकल्पित होकर निकला है। उन्होंने पैदल देश भ्रमण के दौरान रविवार को महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा से उनके कार्यालय में मुलाकात की।

 पल्लव देव ने बताया कि वे युवाओं में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से यह यात्रा कर रहे हैं। पल्लव देव ने जानकारी दी कि वे असम के श्रीभूमि जिले के रहने वाले हैं और सेना में जाकर देश सेवा करने की इच्छा रखते थे, लेकिन कुछ कारणों से सेना में भर्ती नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने देश सेवा के उद्देश्य से पैदल यात्रा का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि 5 मई 2025 को असम से यात्रा शुरू की और अब तक छह राज्यों से होकर लगभग 5 हजार किलोमीटर की दूरी तय कर चुके हैं।

उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान वे स्कूलों और कॉलेजों में जाकर छात्रों और युवाओं से संवाद करते हैं और नशे से दूर रहने का संदेश देते हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से भी वे अपने अनुभव साझा कर रहे हैं। मुलाकात के दौरान विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करने का प्रयास सराहनीय है और उन्होंने पल्लव देव को आगे की यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।


अन्य पोस्ट