महासमुन्द

सिरपुर महोत्सव में उमड़ेगा अंतरराष्ट्रीय रंग, दक्षिण कोरिया से विदेशी मेहमान
27-Jan-2026 3:20 PM
सिरपुर महोत्सव में उमड़ेगा अंतरराष्ट्रीय रंग, दक्षिण कोरिया से विदेशी मेहमान

 हंसराज रघुवंशी, हेमंत बृजवासी, मीत ब्रदर्स आएंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 27 जनवरी। सिरपुर में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव में इस वर्ष देश और विदेश से अतिथियों की भागीदारी प्रस्तावित है। आयोजकों के अनुसार महोत्सव में दक्षिण कोरिया से इतिहास, कला और संस्कृति से जुड़े विशेषज्ञ शामिल होंगे।

आयोजन से प्राप्त जानकारी के अनुसार दक्षिण कोरिया से प्रो. जंग संगीर, किम डांग ग्वी, डॉ. ली ची रैन और एन नाजियम के आमंत्रित होने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा नागपुर से दीक्षा भूमि स्मारक समिति के अध्यक्ष भदंत आर्य नागार्जुन सुरई ससाई तथा कर्नाटक से भदंत प्रज्ञा बोधि थेरो की उपस्थिति भी प्रस्तावित बताई गई है।

आयोजकों के अनुसार महोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से बौद्ध धर्म से जुड़े विद्वान और प्रतिनिधि भाग लेंगे और सिरपुर की ऐतिहासिक एवं बौद्ध विरासत पर विचार साझा करेंगे।

 

1 से 3 फरवरी तक होगा आयोजन

सिरपुर महोत्सव 2026 का आयोजन 1 से 3 फरवरी तक जिला प्रशासन और सिरपुर विकास प्राधिकरण के तत्वावधान में किया जाना प्रस्तावित है। आयोजकों के अनुसार महोत्सव के दौरान लोक, शास्त्रीय और आधुनिक संगीत से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

महोत्सव के पहले दिन 1 फरवरी को दोपहर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रारंभ होंगे। लोक नृत्य, कथक, ओडिसी, पंथी सहित विभिन्न प्रस्तुतियां होंगी। संध्या सत्र में संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें गायक हंसराज रघुवंशी की प्रस्तुति प्रस्तावित है।

2 फरवरी को शास्त्रीय संगीत और वाद्य प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के कलाकारों द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। रात्रि सत्र में गायक हेमंत बृजवासी की प्रस्तुति प्रस्तावित है। 3 फरवरी को दिनभर लोक नृत्य और मंचीय कार्यक्रम होंगे। समापन संध्या में मीत ब्रदर्स की प्रस्तुति के साथ महोत्सव के समापन की योजना है। आयोजकों ने बताया है कि सिरपुर महोत्सव में प्रदेश और देश के विभिन्न कलाकार भाग लेंगे। जिला प्रशासन की ओर से आम नागरिकों और पर्यटकों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है।


अन्य पोस्ट