महासमुन्द
महासमुंद, 16 जनवरी। जिले में धान खरीदी के बीच प्रशासन ने अवैध धान की खपत रोकने और केंद्रों में गड़बड़ी रोकने के लिए सख्त रवैया अपनाया है। गुरुवार को जहां बागबाहरा और सरायपाली से 420 बोरी अवैध धान और ट्रक पकड़ा गया, तो दूसरी ओर प्रशासन ने अवैध धान खपाने के खेल में मदद करने वाले मंडी सचिव को सस्पेंड कर दिया है। इसके अलावा घोंच में धान की तौलाई में गड़बड़ी पाए जाने पर कलेक्टर ने समिति प्रबंधक को भी सस्पेंड कर दिया है।
सरायपाली विकासखंड के ग्राम कोलीहादेवरी में गुरुवार को डिप्टी कलेक्टर आशीष कर्मा के नेतृत्व में राजस्व टीम द्वारा ओडिशा से कोचियों के माध्यम से अवैध रूप से लाकर डंप किए गए 420 बोरी धान को मौके पर ही जब्त किया गया।
कार्रवाई के बाद डिप्टी कलेक्टर द्वारा ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमावर्ती जांच नाका सिरपुर का भी निरीक्षण किया गया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सतर्कता बढ़ाने एवं कड़ी निगरानी रखने के आवश्यक निर्देश दिए गए। इसी तरह बागबाहरा ब्लॉक अंतर्गत देर रात ओडिसा सीमा के पास टूहलू चौकी क्षेत्र में की गई, जहां अवैध रूप से धान परिवहन करते हुए एक मिनी ट्रक को पकड़ा गया।
वाहन में भरा धान जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया तथा। जब्त धान को कोमाखान थाना क्षेत्र में मंडी को सुपुर्द किया गया। एसडीएम ने कहा कि अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं खरीदी के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड ने बागबाहरा कृषि उपज मंडी समिति के सचिव कुशल राम ध्रुव को निलंबित कर दिया है। 28 दिसंबर को टेमरी निवासी किसान राधेश्याम साहू के घर के पास ओडिशा राज्य से अवैध रूप से धान ट्रक से लाकर खाली किया जा रहा था। इस दौरान 3 ट्रैक्टर में धान पलटा गया। बागबाहरा एसडीएम के द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार मंडी प्रशासन द्वारा नियमानुसार आवश्यक पंचनामा, जब्ती एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई एवं मंडी के सुपुर्द नहीं किया गया। कलेक्टर खाद्य शाखा के प्रतिवेदन के आधार पर प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर प्रबंध संचालक छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन मंडी बोर्ड द्वारा यह कार्रवाई की गई है।
निलंबन अवधि में ध्रुव का मुख्यालय छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन बोर्ड, संभागीय कार्यालय रायपुर रहेगा। इस दौरान वे नवे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते के पात्र होंगे। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि निलंबन अवधि में ध्रुव के स्थान पर मंडी निरीक्षक दिनेश कुमार साहू को मंडी समिति के सचिव का प्रभार आगामी आदेश तक सौंपा गया है।
कलेक्टर खुद जांच में पहुंचे, तब कहीं सामने आई तौल की गड़बड़ी
कलेक्टर विनय लंगेह ने बुधवार को प्राथमिक कृषि एवं साख सहकारी समिति घोंच एवं बढ़ईपाली विकासखंड पिथौरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान समिति में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जांच में पुराने रबी फसल के धान को खपाने, गुणवत्ता विहीन धान की खरीदी तथा तौलाई में गड़बड़ी किए जाने के तथ्य सामने आए। कलेक्टर ने अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए समिति प्रबंधक को तत्काल निलंबित करने तथा संबंधित प्रकरण में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही, भ्रष्टाचार अथवा अनियमितता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को धान खरीदी केंद्रों में सतत निगरानी स्खने तथा शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम पिथौरा बजरंग वर्मा, खाद्य अधिकारी अजय यादव एवं जिला विपणन अधिकारी आशुतोष कोसरिया उपस्थित रहे।


