महासमुन्द

परिक्षेत्र स्तरीय शतरंज स्पर्धा: पिथौरा की संजीता-भाटापारा के लक्ष्मीकांत चैंपियन
09-Jan-2026 4:08 PM
परिक्षेत्र स्तरीय शतरंज स्पर्धा: पिथौरा की  संजीता-भाटापारा के लक्ष्मीकांत चैंपियन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 पिथौरा, 9 जनवरी। छत्तीसगढ़ शासन उच्च शिक्षा विभाग द्वारा  परिक्षेत्र स्तरीय (महिला - पुरुष) शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर कॉलेज महासमुंद में किया गया। उद्घाटन समारोह  के मुख्य अतिथि मेजबान महाविद्यालय की प्राचार्य करुणा दुबे थीं।  कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक प्राध्यापक अजय राजा ने की। विशेष अतिथि प्रतियोगिता के उदघाटन अवसर पर खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि  करुणा दुबे ने कहा कि जीवन की हर चाल में बुद्धि और विवेक की आवश्यकता होती है - ठीक शतरंज की तरह। जैसे शतरंज की बिसात पर एक - एक चाल सोच समझकर चलनी पड़ती है वैसे ही जीवन रूपी शतरंज  बुद्धि और विवेक  से चलती है। शतरंज हमें सिखाता है कि सफलता  कभी भी जल्दबाजी  या  अविवेकपूर्ण कार्य से नहीं मिलती बल्कि सोच - समझकर लिए गए निर्णयों से मिलती है।

छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के राज्य सचिव एवं प्रतियोगिता के निर्णायक हेमंत खुटे ने जानकारी देते हुए बताया कि बलौदाबाजार महासमुंद परिक्षेत्र से कुल 13 महाविद्यालयों से 57 खिलाडिय़ों ने सेक्टर लेवल की इस चैंपियनशिप में सहभागिता की थी। प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय नियमानुसार पांच - पांच चक्रों में संपन्न हुई। इसके चयनित खिलाड़ी स्टेट चैंपियनशिप में  भाग लेने की पात्रता रखेंगे।

 

प्रतियोगिता के विजेता *महिला वर्ग में* प्रथम संजीता साहू पिथौरा ( 4.5 अंक)  द्वितीय रोशनी साहू बलौदाबाजार (4.5 अंक) तृतीय लीलामृत पिथौरा (4 अंक) चतुर्थ  गीता साहू भाटापारा ( 4 अंक) पंचम  भूमिका वर्मा बलौदा ( 3 अंक) षष्ठ राजलक्ष्मी बलौदाबाजार (3 अंक) रही. जबकि पुरुष वर्ग में प्रथम लक्ष्मीकांत भाटापारा (5 अंक) द्वितीय  सुरेंद्र साहू भाटापारा (4.5 अंक) तृतीय  मनीष गुलाबवाणी  भाटापारा (4.5अंक) चतुर्थ अमरदीप सरायपाली  (4 अंक), पंचम  शिवम यदु कोहका (4 अंक) षष्ठ वैभव साहू भाटापारा ( 4 अंक )प्रतियोगिता के समापन व पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में बतौर अतिथि शिरकत किए दिलीप बढ़ई भूगोल विभागाध्यक्ष ,डॉ रवीन्द्रनाथ मिश्रा ,डॉ विकास साहा वरिष्ठ क्रीड़ा अधिकारी ने विजेताओं को ट्रॉफी व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।

 प्रतियोगिता को सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु  क्रीड़ा अधिकारी पालन दीवान व प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक हेमंत खुटे को  अतिथियों ने स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के आर्बिटर पैनल  में रामकुमार विश्वकर्मा व चंदन विश्वकर्मा को शामिल किया गया था।

कार्यक्रम का संचालन राजेश शर्मा द्वारा किया गया तथा उपस्थित जनों का आभार क्रीड़ा अधिकारी दिलीप लहरे ने माना।


अन्य पोस्ट