महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जनवरी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ स्थापना के शताब्दी वर्ष अंतर्गत हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, हनीड्यू स्कूल के सामने मैदान में हिन्दू सम्मेलन रखा गया। इस अवसर पर मंचस्थ पं. जवाहर लाल त्रिवेदी, महिला वक्ता यशोदा चौहान सचिव महिला समिति एकल अभियान महासमुंद मुख्य वक्ता हरिओम शर्मा प्रांत संयोजक कुटुंब प्रबोधन, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ छत्तीसगढ़ उपस्थित थे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए पं. जवाहर लाल त्रिवेदी ने कहा कि यह हमारे लिए गौरव की बात है कि हम यहां चाणक्य बस्ती के मैदान में हिन्दू सम्मेलन में उपस्थित हुए हैं। यह हमें एहसास दिलाता है कि हमारी समाज के प्रति, राष्ट्र के प्रति क्या जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाज में समरसता का भाव होना चाहिए। हिन्दू एक धर्म है, एक विचारधारा है। हिन्दू ही है जो सभी धर्मों का सम्मान करता है। उन्होंने हिंदुत्व की अलग-अलग व्याख्या की।
यशोदा चौहान ने कहा कि हिंदुत्व भारत की आत्मा है। वेदों की रचना भारत में हुई। आज हिन्दू संस्कृति संकटों से जूझ रही है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने शताब्दी वर्ष में पंच परिवर्तन के विषय में कहा है जिसमें स्वदेशी,वेशभूषा में भारतीय दर्शन, विदेशी वस्तुओं का न्यूनतम प्रयोग और त्योहारों और मांगलिक प्रसंगों को हिन्दू पद्धति से मनाने के बारे में जानकारी दी गई।
मुख्य वक्ता हरिओम शर्मा ने कहा कि भारत सनातन धर्म की भूमि है। हमें गर्व है कि हम इस धरती पर पैदा हुए। हमने वर्षों गुलामी झेली, लेकिन हमने अपनी संस्कृति को बचाए रखा। प्राचीन काल में गुरुकुल आश्रम परंपरा से शिक्षा दी जाती थी। नालंदा विश्वविद्यालय जहां अनेक ग्रंथ थे। हमारा इतिहास गौरवशाली इतिहास रहा है। कहा कि सामान्य जन में देशभक्ति जागृत करने, हिन्दू समाज को गौरव बोध कराने एवं संगठित करने के उद्देश्य को लेकर सन 1925 को विजयदशमी के दिन नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना हुई। आज देश के 83 हजार मंडलों में व विदेशों में भी संघ की शाखाएं चलती हैं। कार्यक्रम का संचालन खुशबू कुलदीप व आभार प्रदर्शन चंद्रशेखर साहू ने किया।