महासमुन्द

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समय-सीमा नजदीक, टोकन व कोटा को लेकर किसान परेशान,
05-Jan-2026 4:05 PM
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समय-सीमा नजदीक,  टोकन व कोटा को लेकर किसान परेशान,

कई खातों में दर्ज त्रुटियों का सुधार नहीं, तहसील कार्यालय और सहकारी समिति के  चक्कर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 5 जनवरी। स्थानीय सहकारी समिति में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की अंतिम तिथि नजदीक आने के साथ ही अब तक धान नहीं बेच पाए किसानों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। किसानों का कहना है कि प्रतिदिन धान खरीदी का कोटा कम होने और कई खातों में दर्ज त्रुटियों का समय पर सुधार नहीं होने के कारण उन्हें तहसील कार्यालय और सहकारी समिति के बीच चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

समिति से मिली जानकारी के अनुसार पिथौरा धान खरीदी केंद्र में खरीदी की प्रक्रिया जारी है, लेकिन प्रतिदिन तय कोटे के कारण टोकन सीमित संख्या में ही जारी हो पा रहे हैं। बताया गया कि अब तक कुल रकबा के अनुरूप अनुमानित 20 हजार क्विंटल से अधिक धान के टोकन जारी नहीं हो पाए हैं।

 प्रतिदिन 1710 क्विंटल खरीदी

समिति सूत्रों के अनुसार शासन के निर्देशानुसार इस केंद्र में प्रतिदिन 1710 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। कुल रकबा के आधार पर यहां 95,000 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित है। सूत्रों का कहना है कि वर्तमान दर से खरीदी होने पर लक्ष्य की तुलना में 21,227 क्विंटल धान कम खरीदे जाने की संभावना है।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार अब तक लगभग 39,700 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। वहीं, धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी तक केवल 34,073 क्विंटल के टोकन ही कटे हैं। समिति सूत्रों का कहना है कि यदि प्रतिदिन का खरीदी कोटा नहीं बढ़ाया गया, तो समय-सीमा के भीतर शेष धान की खरीदी संभव नहीं हो पाएगी।

 

टोकन में रकबा कम दिखने का आरोप

किसान संतोष डडसेना ने बताया कि नियमों के अनुसार उन्हें 82 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर बेचने का पात्र माना गया था, लेकिन ऑनलाइन पोर्टल में उन्हें केवल 62 क्विंटल का ही टोकन मिला। उन्होंने कहा कि सुधार के लिए वे संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ है।

इसी तरह किसान घनाराम डडसेना सहित अन्य किसानों ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन रिकॉर्ड में उनका रकबा कम दर्शाया जा रहा है, जिससे वे अपनी पूरी उपज समर्थन मूल्य पर नहीं बेच पा रहे हैं। इन किसानों का कहना है कि रकबा सुधार के लिए जब वे तहसील कार्यालय जाते हैं तो उन्हें सहकारी समिति भेज दिया जाता है, जबकि समिति में उन्हें शासन के निर्देशों का हवाला देकर दलहन-तिलहन फसलों की त्रुटि सुधार की अंतिम तिथि 7 जनवरी बताई जा रही है।

किसानों का कहना है कि इस प्रक्रिया के कारण वे असमंजस में हैं और समय पर धान बेच पाने को लेकर चिंता बनी हुई है। प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से इस विषय में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


अन्य पोस्ट