महासमुन्द

आचरण में धर्म जागृत कीजिए, मन मंदिर में स्वयं प्रकट होंगे भगवान-पं. त्रिभुवन
05-Jan-2026 4:04 PM
आचरण में धर्म जागृत कीजिए, मन मंदिर में स्वयं प्रकट होंगे भगवान-पं. त्रिभुवन

श्रीमद्भागवत कथा में श्रीकृष्ण जन्म पर मनाया उत्सव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 5 जनवरी। जिले के कोमाखान क्षेत्र के कुलिया गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में चल रहे श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के चौथे दिन व्यास पीठ से भागवताचार्य पं.त्रिभुवन महाराज ने भगवान के दशावतार और श्रीकृष्ण जन्म की कथा का भावपूर्ण और विचारोत्तेजक वर्णन किया। कथा के दौरान उन्होंने शास्त्र, दर्शन और वर्तमान परिस्थितियों को जोड़ते हुए बताया कि भगवान का अवतार किसी ऐतिहासिक घटना तक सीमित नहीं है। वह मानव जीवन और समाज के संतुलन से सीधा जुड़ा हुआ है।

संत कवि पवन दीवान के शिष्य पं. त्रिभुवन महाराज ने कहा कि धरती रूपी यह शरीर जब पापकर्मों से बोझिल हो जाता है। जब अहंकार, लोभ, हिंसा, अधर्म और असंयम बढऩे लगते हैं। तब उनका समन करने के लिए भगवान मन रूपी मंदिर में विभिन्न रूपों में प्रकट होते हैं। यही दशावतार की मूल अवधारणा है। प्रत्येक अवतार मानव को यह संदेश देता है कि जब-जब धर्म कमजोर पड़ता है, तब-तब ईश्वर स्वयं व्यवस्था को संतुलित करने आते हैं। उन्होंने दशावतार की कथा को सरल शब्दों में समझाते हुए कहा कि मत्स्य से लेकर कल्कि तक हर अवतार किसी न किसी विकृति,असंतुलन और अधर्म के नाश का प्रतीक है। जैसे-जैसे मनुष्य की प्रवृत्तियां बदलती हैं, वैसे-वैसे ईश्वर के स्वरूप भी बदलते हैं।

इसके पश्चात व्यास पीठ से श्रीकृष्ण जन्म की कथा का वर्णन हुआ। पं. त्रिभुवन महाराज ने बताया कि आकाशवाणी के माध्यम से कंस को यह संकेत मिल चुका था कि अधर्म की पराकाष्ठा का अंत निश्चित है। कारागार, पहरे, हथकड़ी और अंधकार उस समय के सामाजिक भय, अन्याय और दमन के प्रतीक हैं। ऐसे वातावरण में श्रीकृष्ण का जन्म यह दर्शाता है कि ईश्वर सबसे पहले भय फिर अधर्म को तोड़ते हैं।

 

कथा के दौरान गर्भ संकर्षण प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि बलदाऊ और योगमाया के जन्म की जो कथा शास्त्रों में वर्णित है, उसी सिद्धांत का आधुनिक विज्ञान ने अध्ययन और शोध के माध्यम से टेस्ट ट्यूब बेबी के रूप में आविष्कार किया है। उन्होंने कहा कि यह भ्रम है कि विज्ञान और धर्म अलग-अलग हैं। वास्तव में सनातन धर्म के वेद, उपनिषद और पुराण आज के अनेक वैज्ञानिक आविष्कारों की जननी हैं। विज्ञान आज जिन तथ्यों को खोज रहा है, वे हमारे शास्त्रों में पहले से ही सांकेतिक रूप में मौजूद हैं।

कृष्ण जन्म की कथा के दौरान कुलिया गांव में उत्सव का माहौल बन गया। जैसे ही व्यास पीठ से उद्घोष हुआ, श्रद्धालुओं ने जयकारों, भजन-कीर्तन और तालियों के साथ जन्मोत्सव मनाया। पूरा कथा पंडाल भक्तिरस में सराबोर हो गया और श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलन कर बालकृष्ण के जन्म का उत्सव मनाया। पं.त्रिभुवन महाराज ने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम कृष्ण को मंदिरों और मूर्तियों तक सीमित न रखें। उनके विचारों को अपने आचरण में उतारें। सत्य के साथ खड़े रहना, अन्याय का विरोध करना कर्म करते हुए आसक्ति से मुक्त रहना ही सच्ची कृष्ण भक्ति है।


अन्य पोस्ट