महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जनवरी। शहर की पहचान और जीवन रेखा मानी जाने वाली सितली नाला को उसके पुराने गौरवशाली स्वरूप में लौटाने और प्रदूषण मुक्त बनाने के संकल्प के साथ अविरल सितली-निर्मल सितली अभियान का कल शुभारंभ हुआ।
स्वाध्याय केन्द्र समिति महासमुंद द्वारा आयोजित इस कार्य का भूमिपूजन कल सितली नाला तट पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना और भूमिपूजन के साथ हुआ। अभियान का शुभारंभ नगर पुरोहित पंकज तिवारी के सानिध्य में हुआ। मंत्रोच्चार और वैदिक रीति-रिवाजों के बीच भूमिपूजन करते हुए उन्होंने प्रकृति संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नदियां और जल स्रोत हमारी सभ्यता के आधार हैं। इनका संरक्षण और संवर्धन करना प्रत्येक नागरिक का परम कर्तव्य है।
पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सितली नाला केवल एक जल निकासी का माध्यम नहीं है। बल्कि यह महासमुंद की धडक़न है। वर्षों के अनियंत्रित शहरीकरण और उपेक्षा ने इसे एक नाले के रूप में तब्दील कर दिया है। जिसे अब फिर से एक स्वच्छ जलधारा बनाना हमारा मुख्य लक्ष्य है। डॉ. चोपड़ा ने जोर देते हुए कहा कि यह केवल एक सरकारी या समिति का कार्य नहीं है, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक का कार्य है। उन्होंने आह्वान किया कि आने वाली पीढिय़ों को एक सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण देने के लिए हमें आज इस नाले के अस्तित्व को बचाना होगा। उन्होंने तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नाले के गहरीकरण के साथ-साथ इसके सौंदर्यीकरण और जल संग्रहण को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने परंपरागत जल स्रोतों के संरक्षण की बात कही और अभियान के बाद लोगों को मिलने वाले लाभ को बताया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महासमुंद के नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने इस अभियान हेतु 1 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसी कड़ी में उपस्थित पार्षद माखन पटेल, शुभ्रा शर्मा, पीयूष साहू और योगेश्वरी सोनवानी ने भी अपने-अपने पार्षद निधि से 1.1 लाख रुपए देने की घोषणा करते हुए सितली नाला के कायाकल्प को शहर के विकास के लिए अनिवार्य बताया।
मंचस्थ समिति के सदस्य महेश चंद्राकर ने जल स्रोतों के प्रति अपनी संवेदनशीलता प्रकट करते हुए जनभागीदारी पर बल दिया। भूपेन्द्र राठौड़ ने युवाओं को इस अभियान से जुडऩे की बात कही। बी आर साहू ने पर्यावरण संतुलन के लिए नाले की स्वच्छता को जरूरी बताया। गोवर्धन प्रधान ने नाले के किनारों पर होने वाले वृक्षारोपण के महत्व को रेखांकित किया। जसबीर सिंह मक्कड़ ने इसे शहर की साख से जोड़ते हुए सहयोग का आश्वासन दिया और एक लाख रुपए अभियान हेतु देने की घोषणा की।
स्वाध्याय केन्द्र समिति द्वारा संचालित इस अभियान का प्राथमिक लक्ष्य सितली नाला का पूर्ण कायाकल्प करना है। इसके अंतर्गत नाले में वर्षों से जमी गंदगी, प्लास्टिक और ठोस अपशिष्ट की व्यापक सफाई की जाएगी। जलभराव और अवरोधों को हटाकर नाले के प्राकृतिक प्रवाह को सुचारू बनाया जाएगा। साथ ही नाले के किनारों पर वृक्षारोपण और सुरक्षात्मक उपाय किए जाएंगे। योजना में शहरवासियों के लिए पैदल पार पथ वॉकिंग ट्रैक, फुट ओवर ब्रिज, गार्डन और लाइटिंग की व्यवस्था भी शामिल की जाएगी, ताकि यह स्थान पर्यटन और स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से उपयोगी बन सके। इस अवसर पर शहर के नागरिक, बड़ी संख्या में उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन और आभार मोहन साहू ने व्यक्त किया।