महासमुन्द
नए थाना प्रभारी के सामने कानून-व्यवस्था की चुनौती
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 5 जनवरी। थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं के बीच थाना प्रभारी के हालिया स्थानांतरण के बाद नए थाना प्रभारी सिद्धार्थ मिश्रा ने कार्यभार संभाला है। क्षेत्र में हुई कुछ घटनाओं के कारण कानून-व्यवस्था को लेकर चुनौतियों की चर्चा की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, थाना क्षेत्र की कर्मचारी कॉलोनी में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। इसके अलावा सांकरा-पिथौरा सीमा क्षेत्र में एक सूने मकान से बड़ी चोरी के मामले के आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं होने की बात कही जा रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इन घटनाओं के कारण क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
इसी बीच नए साल की शुरुआत में नगर के समीप ग्राम राजा सवैया, बांधा पारा कॉलेज रोड, वन काष्ठगार के पास निवासी जनक राम ठाकुर के घर में रात लगभग दो बजे कुछ अज्ञात लोगों के आने की सूचना सामने आई। परिजनों के अनुसार, तीन नकाबपोश व्यक्तियों ने घर का दरवाजा तोडक़र अंदर प्रवेश किया। उस समय घर में दो बच्चे और उनकी दादी मौजूद थीं। परिवार का कहना है कि अज्ञात लोगों के आने से वे डर गए थे, हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
आपात सेवाओं को लेकर शिकायत
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में डायल 112 सेवा की उपलब्धता सीमित होने के कारण तत्काल सहायता मिलने में कठिनाई होती है। उनका आरोप है कि पिथौरा क्षेत्र की डायल 112 गाड़ी सराईपाली से बागबाहरा तक के मामलों में व्यस्त रहने के कारण समय पर नहीं पहुंच पाती। वहीं, कुछ लोगों ने यह भी कहा कि रात के समय थाना कार्यालय में संपर्क करने में कठिनाई होती है, जिससे त्वरित मदद प्रभावित होती है।
इन मामलों को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से अभी कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि नए थाना प्रभारी के कार्यभार संभालने के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।