महासमुन्द

15वें वित्त आयोग की राशि के वितरण में देरी, पंचायत प्रतिनिधियों ने जताई आपत्ति
05-Jan-2026 3:37 PM
15वें वित्त आयोग की राशि के वितरण में देरी, पंचायत प्रतिनिधियों ने जताई आपत्ति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 5 जनवरी। 15वें वित्त आयोग के तहत ग्रामीण स्थानीय निकायों के लिए केंद्र सरकार द्वारा राशि जारी किए जाने के बाद भी उसके वितरण में देरी को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि राज्य स्तर पर राशि आगे जारी न होने से पंचायतों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए छत्तीसगढ़ के ग्रामीण स्थानीय निकायों को 224.57 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की है। यह राशि राज्य की 11,279 ग्राम पंचायतों, 138 जनपद पंचायतों और 26 जिला पंचायतों के लिए निर्धारित बताई जा रही है। राज्य सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के स्तर पर औपचारिकताओं और ऑनलाइन भुगतान की प्रक्रिया के कारण स्थानीय निकायों तक राशि का वितरण अभी लंबित बताया जा रहा है।

पंचायत प्रतिनिधियों के दावे

स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि राशि उपलब्ध न होने के कारण वे नए कार्य शुरू नहीं कर पा रहे हैं और पहले से स्वीकृत कार्यों को भी पूरा करने में कठिनाई आ रही है। उनके अनुसार नाली निर्माण, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता और सीसी रोड जैसे कार्य प्रभावित हुए हैं। प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि पेयजल और स्वच्छता से जुड़े कार्यों में संसाधनों की कमी महसूस की जा रही है।

कुछ पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि सफाई और कचरा प्रबंधन के लिए फंड उपलब्ध नहीं है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां सामने आ रही हैं। वहीं, सीसी रोड और छोटी पुलियों जैसे कार्यों के अधूरे रहने से आवागमन में दिक्कत होने की बात कही जा रही है। प्रतिनिधियों का यह भी कहना है कि मरम्मत के अभाव में हैंडपंप खराब पड़े हैं और नई पाइपलाइन के विस्तार के कार्य रुके हुए हैं।

 

चेतावनी और प्रदर्शन की बात

पंचायत प्रतिनिधियों के संगठन से जुड़े लोगों ने कहा है कि यदि तय समय में 15वें वित्त आयोग की राशि पंचायतों को जारी नहीं की गई, तो वे आगे आंदोलनात्मक कदम उठा सकते हैं। कुछ प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री निवास के घेराव की चेतावनी भी दी है।

प्रशासन का पक्ष

इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नंदनवार ने कहा कि अभी जिले को संबंधित राशि प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जैसे ही राशि प्राप्त होगी, उसे नियमानुसार पंचायतों को जारी कर दिया जाएगा।

राज्य सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का कहना है कि उपयोगिता प्रमाण पत्र और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं के पूर्ण होने के बाद ही राशि का वितरण किया जाएगा। विभाग के अनुसार प्रक्रिया पूर्ण होते ही भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।


अन्य पोस्ट