महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3जनवरी। राष्ट्रीय राजमार्ग.53 फोरलेन पर सडक़ दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रहे हादसों में दर्जनों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। शुक्रवार को भी ग्राम साल्हेतराई के जेब्रा क्रॉसिंग के पास एक सडक़ हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पृथ्वीराज भोई पिता सुकलांबर भोई ग्राम पाईकपारा बलौदा, थाना सरायपाली के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पृथ्वीराज भोई शुक्रवार सुबह घर से निकले थे। उन्होंने अपने अन्य साथियों को पिकअप वाहन से सांकरा बैल बाजार बैल खरीदने के लिए रवाना किया था।
जबकि स्वयं मोटर साइकिल स्प्लेंडर सेे अकेले सांकरा पहुंचे थे। दोपहर करीब 11 बजे बैल खरीदने के बाद पिकअप वाहन में बैल एवं साथियों को घर के लिए रवाना कर वे अपनी मोटर साइकिल से ग्राम पाईकपारा लौट रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग 53 फोरलेन पर ग्राम साल्हेतराई के जेब्रा क्रॉसिंग के पास तेज रफ्तार उनकी मोटर साइकिल अनियंत्रित हो गई और सडक़ किनारे लगे साइन बोर्ड से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पृथ्वीराज को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना अन्य लोगों द्वारा तत्काल टोल प्लाजा एंबुलेंस 1033 को दी गई। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची।
एंबुलेंस में मौजूद डॉ. अश्विनी मिश्रा ने प्राथमिक जांच के बाद घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों ने बताया कि पृथ्वीराज भोई परिवार का एकमात्र प्रमुख सहारा था। मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते थे। उनकी मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई के पश्चात शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की विवेचना में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजमार्ग.53 फोरलेन पर तेज रफ्तार, ट्रैफिक नियमों की अनदेखी शराब पीकर वाहन चलाने, रांग साइड में चलने वालों के कारण लगातार सडक़ हादसे हो रहे हैं।
बावजूद इसके न तो गति नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था की जा रही है और न ही दुर्घटनाजन्य स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा उपाय। स्थानीय लोगों ने जेब्रा क्रॉसिंग पर क्रास करने वालों को एवं रांग साइड में मोटर साइकिल एवं चार पहिया वाहन चलाने वालों के कारण सही दिशा में चलने वाले दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।


