महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31दिसंबर। छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन की हड़ताल आज तीसरे दिन भी जारी है और सरकारी दफ्तरों के अलावा स्कूलों में कामकाज-पढ़ाई ठप है।
कल दूसरे दिन भी लोहिया चौक स्थित धरना स्थल में अधिकारी-कर्मचारियों ने शासन-प्रशासन के विरूद्ध जमकर हल्ला बोला। धरना स्थल पर कम उपस्थिति देखकर कल फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर जो दफ्तर खुले थे, वहां जाकर काम बंद करने की अपील की तथा हंगामा भी किया। बाद कलेक्टोरेट परिसर में नारेबाजी की। दूसरी ओर अनेक अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल के नाम पर नववर्ष मनाने के लिये परिवार सहित पर्यटन स्थलों में चले गये। ऐसी स्थिति में वे न तो धरना स्थल पर दिखाई दे रहे थे और ना ही दफ्तर की ड्यूटी में। ऐसे अधिकारियों के विरूद्ध कल प्रदर्शन स्थल पर ही उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों ने निंदा प्रस्ताव पारित किया। मिली जानकारी के अनुसार फेडरेशन के पदाधिकारी कल विभिन्न दफ्तरों में घूम घूमकर जायजा लेते रहे।
फेडरेशन के संयोजक टेकराम सेन ने बताया कि कलेक्टोरेट से निकलकर फेडरेशन के हड़ताली पदाधिकारी पीडब्ल्यूडी दफ्तर पहुंचे। जहां सब इंजीनियर अकेले काम करते दिखाई दिये। उन्हें अपील की गई। इसके बाद भी वहां काम बंद करने अधिकारी अड़े रहे। लिहाजा वहां सब इंजीनियर और हड़तालियों के बीच जोरदार बहस हुई।
आंदोलन के दूसरे दिन कल सरकार के खिलाफ नारेबाजी विशेषकर मोदी की गारंटी लागू करो का नारा लगाया गया।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि अनेक दफ्तरों के अधिकारी, कर्मचारी अब तक एक भी दिन हड़ताल स्थल पर दिखाई नहीं दिये। जबकि अनेक दफ्तरों में ताला लटका हुआ है। पदाधिकारी चुटकी लेते रहे कि इन अधिकारियों को संगठन के प्रति थोड़ी भी जिम्मेदारी नहीं हैं। कहा कि अधिकांश तो परिवार के साथ थर्टी फस्ट का मजा लेने पर्यटन स्थलों के लिये प्रस्थान कर गये होंगे।