महासमुन्द
महासमुंद,28दिसंबर। लगभग दो वर्ष पूर्व ट्रक में गांजा परिवहन करने के मामले में पकड़े गए एक आरोपी के खिलाफ फैसला सुनाते हुए 27 दिसंबर को वंदना दीपक देवांगन विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस सरायपाली ने आरोपी को 15 वर्ष के सश्रम कारावास एवं दो लाख रुपए के अर्थदण्ड से दण्डित किया है। मिली जानकारी अनुसार घटना दिनांक 26 फरवरी 2024 को थाना सिंघोडा के सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मण साहू को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ओडि़शा की ओर से बडी मात्रा में गांजा लेकर एक आरोपी आ रहा है। पुलिस की टीम ने एन एच 53 रोड ग्राम रेहटीखोल के सामने नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन टाटा ट्रक को रोक कर जांच की। जांच के दौरान वाहन में भूंसे के नीचे से 145 किलो गांजा बरामद किया गया। गांजा परिवहन करने वाले आरोपी धमेन्द्र अहिरवार निवासी मनी नगर माण्डवा महाराष्ट्र को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। गवाहों के साक्ष्य उपरांत न्यायालय ने उक्त प्रकरण में अत्यधिक मात्रा में गांजे का परिवहन करने, नशे के कारण समाज में युवा वर्गों पर पड़ रहे दुष्प्रभाव की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए आरोपी को कठोर दण्ड से दण्डित किया गया। जानकारी अनुसार इस मामले में प्रकरण से संबंधित स्वतंत्र साक्षी पंकज गुप्ता, रमेश नायक एवं गुणामणी प्रधान ने अभियोजन को समर्थन नहीं किया। परन्तु पुलिस स्टॉफ रोहित सिदार, रमाकांत त्रिपाठी, माल मोहरीर बोधन दीवान, एसडीओपी कार्यालय के आरक्षक भूपति पटेल तथा सहायक उप निरीक्षक साहू के सटीक न्यायालयीन कथन एवं बचाव पक्ष के अधिवक्ता के लम्बे प्रति परीक्षण के पश्चात अभियोजन का पक्ष रखने में सफल हुए। प्रकरण में विवेचना उप निरीक्षक साहू एवं राज्य की ओर से पैरवी विशेष लोक अभियोजक देवेन्द्र कुमार शर्मा के द्वारा की गई।