महासमुन्द

भक्ति-ज्ञान और वैराग्य का संगम कराती है भागवत-निखिलकांत
28-Dec-2025 3:51 PM
भक्ति-ज्ञान और वैराग्य का संगम कराती है भागवत-निखिलकांत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,28दिसंबर। महासमुंद के विभिन्न वार्डों में भक्तिमय धार्मिक कार्यक्रम श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन चल रहा है। जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू सम्मिलित हुए। उन्होंने नयापारा क्षेत्र के वार्ड 06, 07 एवं 08 तथा शंकर नगर वार्ड क्रमांक एक में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा स्थल पहुंचकर भागवत भगवान की पूजा-अर्चना कर नगर की खुशहाली, सुख समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांग व्यास पीठ पर विराजित भगवताचार्य का पुष्पमाला, श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। श्री साहू ने सभी स्थानों पर कथा सुनने पहुंचे श्रद्धालुओं को संबोधित कर भागवत कथा का महात्म्य बताते हुए कहा कि भागवत कथा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जीवन को अर्थपूर्ण बनाने, आध्यात्मिक उत्थान करने और परम सत्य को प्राप्त करने का एक दिव्य और महान मार्गदर्शक है। भागवत मोक्ष का मार्ग है, जो भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का संगम कराती है। मन को शुद्ध कर भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं के माध्यम से जीवन जीने की सही दिशा व उद्देश्य बताती है। इसीलिए इसे ज्ञान यज्ञ भी कहा जाता है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में महासमुंद के विभिन्न वार्डों में श्रीमद् भागवत कथा का भक्तिमय आयोजन हो रहे हैं। जिससे नगर के वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है।  ऐसे आयोजनों से बच्चों, युवाओं को अपनेे धर्म को समझने, जानने का अच्छा अवसर मिलता है तथा आपसी एकता भी प्रगाढ़ होती है। उन्होंने सभी वार्डों में आयोजन कर्ताओं को भक्तिमय आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर प्रमुख रूप से सभापति ज्योति रिन्कू चंद्राकर,पार्षद नीरज चंद्राकर,रत्नेश साहू, बिट्टू साहू आदि मौजूद थे।


अन्य पोस्ट