महासमुन्द

छग विज्ञान सभा के अध्यक्ष ने विद्यार्थियों से किया संवाद
23-Dec-2025 3:47 PM
छग विज्ञान सभा के अध्यक्ष ने विद्यार्थियों से किया संवाद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 23 दिसंबर। शासकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कुलिया में छग विज्ञान सभा के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त अपर कलेक्टर विश्वास मेश्राम ने विद्यार्थियों से संवाद किया। इस अवसर पर कसेकेरा के प्रधानाध्यापक डॉ. विजय शर्मा भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों से शैक्षिक गुणवत्ता, विज्ञान एवं गणित की नवाचारी शिक्षण गतिविधियों की जानकारी ली।

प्रभारी प्रधान पाठक मीना चंद्राकर ने शिक्षकों द्वारा किए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने कक्षाओं में बनाए गए चित्र, चार्ट एवं शिक्षण सामग्री का अवलोकन कराते हुए बताया कि किस प्रकार बच्चे विभिन्न प्रतिस्पर्धात्मक गतिविधियों में भाग ले रहे हैं। विज्ञान शिक्षक पुष्पलता सोनकर ने विज्ञान उपकरण मॉडल निर्माण एवं क्विज गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। वहीं गणित शिक्षक निषाद ने कला, संस्कृति एवं संगीत से जुड़ी उपलब्धियों के साथ हैदराबाद से प्राप्त प्रशिक्षण के बाद विद्यालय की भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया। इस दौरान मेश्राम ने कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों से गणित के प्रश्न हल करवाए और उनसे चर्चा की।

उन्होंने बच्चों को प्रश्न पूछने, जिज्ञासु बनने एवं अपने भविष्य की योजनाएं बनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यार्थियों को विज्ञान आश्रम भ्रमण के लिए आमंत्रित किया। कार्यक्रम में डॉ. विजय शर्मा ने वैज्ञानिक सोच विकसित करने और अंधविश्वास दूर रहने की बात विद्यार्थियों से कही।


अन्य पोस्ट