महासमुन्द

37 हजार लोगों ने महासमुंद छोड़ा, 23 हजार का अता-पता नहीं
18-Dec-2025 3:02 PM
37 हजार लोगों ने महासमुंद छोड़ा, 23 हजार का अता-पता नहीं

5 हजार ऐसे, जो 2 जगह वोटर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 18 दिसंबर। जिले में एसआईआर सर्वे लगभग पूरा हो चुका है और चार विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची का गहन सत्यापन किया गया। पहले महासमुंद जिले में कुल 8.86 लाख मतदाता थे। सर्वे के बाद 93 हजार 704 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। हटाए गए नाम मृत मतदाताओं, स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर शिफ्ट हुए लोगों, डुप्लीकेट प्रविष्टियों और लंबे समय से अज्ञात मतदाताओं के हैं।

सर्वे में चौंकाने वाले तथ्य भी सामने आए हैं कि जिले में 7 हजार 344 ऐसे लोग हैं जिन्होंने दूसरे स्थानों पर भी अपना मतदाता कार्ड बनवा रखा है। प्रशासन के अनुसार कुल 8 लाख 86 हजार 422 मतदाताओं में से 7 लाख 92 हजार 718 मतदाताओं ने गणना प्रपत्र जमा किया है। प्रशासन का दावा है कि मतदाता सूची का 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया गया है। हटाए गए 93 हजार 704 मतदाताओं में से 24 हजार 459 मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है। इसके बावजूद उनके नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज थे।

 इसी तरह 37 हजार 215 मतदाता जिले को छोडक़र स्थावी रूप से दूसरे स्थानों पर शिफ्ट हो चुके हैं। बावजूद इसके उनके नाम भी सूची में बने हुए थे। इसके अलावा 23 हजार 996 ऐसे मतदाता हैं, जिनका कोई पता नहीं चल सका है।

 एसआईआर सर्वे का आज अंतिम दिन है। अब तक इसकी समयसीमा दो बार बढ़ाई जा चुकी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को गणना प्रपत्र भरकर जमा करना अनिवार्य है। सर्वे का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाना है, ताकि भविष्य में चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी रह सके।  इस तरह जिले के 8.86 लाख मतदाताओं में से 7.92 लाख वोटरों का डेटा डिजिटाइज किया

 उप जिला निर्वाचन अधिकारी व अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा ने बताया कि जिले में एसआईआर सर्वे का डिजिटाइजेशन 100 प्रतिशत हो चुका है। 18 दिसंबर तक डाटा में संशोधन हो सकता है। जिस मतदाता को लगे की उनका नाम त्रुटिपूर्ण कटा हो वे दावा आपत्ति कर सकते है। 23 दिसंबर को मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।

सर्वे के दौरान फार्म जमा करने से बचे लोगों को भी मतदाता कार्ड बनाने के लिए अब बीएलओ, कलेक्टर व निर्वाचन शाखा का चक्कर काटना पड़ेगा। पहले नई वोटर लिस्ट बनाने के दौरान नाम जोडऩे और हटाने का काम सतत रूप से होता था। अब एसआईआर सर्वे के बाद वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने प्रक्रियाओं से गुजरने पड़ेंगे। सर्वे के दौरान जिले के चारो विस खल्लारी, महासमुंद, सरायपाली और बसना क्षेत्र में कुल 1083 बीएलओ ने घर-घर पहुंच सर्वे किया।

 

पता चला है कि 690 लोगों ने अब तक फार्म ही जमा नहीं किया है। जबकि एसआईआर सर्वे और मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण, पुनर्व्यवस्थापन का आज 18 दिसंबर को अंतिम दिवस है। बाद कल 19 से 22 दिसंबर तक कंट्रोल टेबल का अपडेशन और प्रारूप (ड्राफ्ट) सूची की तैयारी की जाएगी। वहीं सभी काम हो जाने पर 23 दिसंबर को प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

मतदाता सूची प्रकाशन के बाद 23 दिसंबर से 22 जनवरी तक दावा-आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं। 23 दिसंबर से 14 फरवरी 2026 तक नोटिस चरण जारी रहेगा। इस दौरान नोटिस जारी करना, सुनवाई और सत्यापन और दावा आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। निराकरण के बाद 17 फरवरी 2026 तक मतदाता सूचियों के मापदंडों की जांच किया जाएगा। सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 21 फरवरी 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।


अन्य पोस्ट