महासमुन्द

​आरएसएस स्वयंसेवकों ने पांच पेड़ों को दूसरी जगह किया शिफ्ट
16-Dec-2025 3:58 PM
​आरएसएस स्वयंसेवकों ने पांच पेड़ों को दूसरी जगह किया शिफ्ट

सडक़ किनारे नाली निर्माण के कारण काटे गए थे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16दिसंबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आरएसएस के पर्यावरण विभाग ने पेड़ कटाई को रोकने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए महासमुंद के भलेसर रोड पर नाली निर्माण के कारण काटे जा रहे पांच पेड़ों को सफलतापूर्वक प्रतिरोपित ( शिफ्ट) कराया है। यह प्रयास संघ के पर्यावरण विभाग के प्रमुख ओमप्रकाश पटेल के नेतृत्व में संपन्न हुाए जिन्होंने वृक्षों को बचाने के प्रति संघ की प्रतिबद्धता को उजागर किया है।
घटना तब सामने आई जब भलेसर रोड में नाली निर्माण के दौरान पांच-छह पेड़ों के काटे जाने की सूचना उन्हीं पेड़ों को लगाने वाले स्थानीय निवासी लक्ष्मीकांत यदु ने संघ के पर्यावरण प्रमुख ओमप्रकाश पटेल को दी। सूचना मिलते ही श्री पटेल ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण किया। पेड़ों की महत्ता को समझते हुए उन्होंने तत्काल नगर पालिका प्रशासन और अध्यक्ष को पेड़ प्रतिरोपण शिफ्टिंग के लिए अनुरोध किया।
ओमप्रकाश पटेल स्वयं इस कार्य के लिए सक्रिय रूप से प्रयासरत रहे और संघ के स्वयंसेवकों के साथ मिलकर इस कार्य को अंजाम दिया। आकार में बड़े इन पेड़ों को सावधानीपूर्वक भलेसर रोड से निकालकर सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में प्रतिरोपित किया गया और उनका सफल रोपण सुनिश्चित किया गया।
गौरतलब है कि महासमुंद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ लगातार इस प्रकार के पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सक्रियता से जुटा हुआ है। यह पहल संघ की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है। जिसके तहत विकास कार्यों और पर्यावरण सुरक्षा के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रयास किया जाता है। इस अवसर पर महासमुंद के पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा, प्रान्त सहकार्यवाह घनश्याम सोनी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ महासमुंद के जिला संघचालक महेश चंद्राकर, लक्ष्मीकांत पाणिग्रही, गोवर्धन प्रधान, लक्ष्मीकांत यदु, मोहन साहू, कुंदन साहू सहित संघ परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। 

 

 


अन्य पोस्ट