महासमुन्द

घर घुस युवक पर जानलेवा हमला
16-Dec-2025 3:55 PM
घर घुस युवक पर जानलेवा हमला

3 दिन बाद भी एफ आईआर न होने पर ग्रामीणों ने थाने में किया हंगामा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,16 दिसंबर। बीते 11 दिसंबर की रात बलौदा थाना अंतर्गत ग्राम जलगढ़ में पंचायत चुनाव की पुरानी रंजिश को लेकर लगभग 12-13 लोगों ने एक युवक पर चाकू, रॉड और डंडों से हमला कर दिया। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तीन दिन बाद भी आरोपियों पर एफआईआर दर्ज नहीं किये जाने से आक्रोशित अनेक ग्रामीणों ने कल थाना बलौदा पहुंचकर काफी हंगामा किया।

आखिरकार एसडीओपी एवं थाना प्रभारी सरायपाली को भी वहां जाकर मध्यस्थता करनी पड़ी। तब जाकर मामला शांत हुआ। सोमवार को भी थाना बलौदा में इस मामले पर एफआईआर दर्ज करने के लिए पीडि़त परिवार और ग्रामीणों को बुलाया गया, लेकिन आज समाचार लिखे जाने दोपहर 12 बजे तक एफ आईआर दर्ज नहीं हुआ था।

ग्राम जलगढ़ निवासी भानुप्रताप महापात्र ने बताया कि 11 दिसंबर की रात लगभग 12 बजे वह घर से लगी अपने किराना दुकान में सो रहे थे। तभी घर की ओर से उनके भाई भागीरथी महापात्र उम्र 26 वर्ष की चीख सुनाई दी। जब वे पहुंचे तो देखा कि ग्राम नानकपाली निवासी लिंगराज भोई, भोजराज भोई और झिलमिला टावरपारा के आयुष भोई, तेज भोईए, रिंकू भोई, प्रकाश भोई सहित 8-10 लोग घर का दरवाजा खटखटा रहे थे। उनकी मां ने जैसे ही दरवाजा खोला, हमलावरों ने उनका मुंह दबा दिया और घर में घुसकर भागीरथी की चाकू, रॉड और डंडों से बेरहमी से पिटाई की। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

भानुप्रताप ने इस संबंध में थाना प्रभारी से शिकायत की है। जिसमें यह भी उल्लेख किया है कि मारपीट करते हुए भोजराज भोई चिल्ला कर कह रहा था कि दीपक भोई से जो भी पंगा लेगा, उसका यही हाल होगा और उसके साथी वीडियो कॉल करके इस घटना को दिखा भी रहे थे। पूर्व में भी इस तरह से हमला किया गया था। जैसे ही वह चिल्लाये तो हमलावर मोटर सायकल में भाग गए।

जलगढ़ के सरपंच प्रतिनिधि लिंगराज साहू ने इस हमले को पंचायत चुनाव की पुरानी रंजिश का परिणाम बताते हुए कहा कि दीपक भोई के पिता पंच चुनाव हार गए थे। जिसके बाद से वह परिवार से दुश्मनी रखता था। उन्होंने बताया कि बीते मई माह में उन पर भी इसी तरह चाकूए रॉड और डंडों से हमला किया गया थाए जिसकी रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। भागीरथी केपी इंटरनेशनल स्कूल की बस चलाता है। ड्राइवर-कंडक्टर की तनख्वाह और दुकान की बिक्री मिलाकर 18 हजार रुपए घर में रखे थेए जिसे हमलावर ले गए। श्री साहू ने बताया कि घटना में घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली में प्राथमिक उपचार के बाद महासमुन्द रेफर किया गया है।


अन्य पोस्ट