महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 दिसंबर। 32वीं एनटीपीसी सीनियर इंडियन राउंड, 21 वीं एनटीपीसी सीनियर कंपाउंड राउंड एवं 45 वीं एनटीपीसी सीनियर रिकर्व राउंड नेशनल तीरंदाजी चैंपियनशिप हैदराबाद तेलंगाना में 10 से 19 दिसंबर तक आयोजित किया गया है। महासमुंद जिले के खिलाड़ी कमलेश साहू पिता चंद्रशेखर साहू इंडियन राउंड, नवलीन कौर पिता अरविंद छाबड़ा कंपाउंड राउंड एवं चांदनी साहू पिता बलदेव साहू इंडियन राउंड शामिल हैं।
महिला वर्ग के इंडियन राउंड में महासमुंद जिले की चांदनी साहू ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर व्यक्तिगत स्पर्धा में शामिल होकर रजत पदक जीतने में सफलता हासिल किया है। शुक्रवार को टीम इवेंट में छत्तीसगढ़ ने स्वर्ण पदक जीतने में सफलता हासिल की जिसमें चांदनी साहूए माया बघेल, सुलोचना राज एवं पायल मरावी शामिल रहे। नेशनल गेम्स उत्तराखंड में रजत पदक एवं कांस्य पदक जीतने के बाद एकबार फिर से चांदनी साहू ने लगातार छत्तीसगढ़ राज्य को तीरंदाजी में पदक दिलाकर राज्य को गौरवान्वित किया है।
उन्हें राज्य खेल अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया गया है। बॉल आश्रम बिहाझर बागबहरा से प्रारंभिक अभ्यास करते हुए चांदनी साहू खेल अकादमी में प्रवेश प्राप्त कर राष्ट्रीय चैंपियनशिप, नेशनल गेम्स, सीनियर नेशनल में पदक जीतने में सफलता हासिल कर रहीं हैं। चांदनी की इस उपलब्धि में खेल अकादमी बिलासपुर, खेल एवं युवा कल्याण महासमुंद, जिला तीरंदाजी संघ बागबाहरा, बॉल आश्रम बिहाझर एवं जिला प्रशासन का सहयोग रहा हैं। छात्रावास अधीक्षक डॉ. पूर्णेन्दु चंद्राकर, पीरीत साहू, सोमनाथ साहू, डॉ विकास अग्रवाल, अरविंद छाबड़ा व प्रशिक्षक के मार्गदर्शन से चांदनी को तीरंदाजी खेल की जानकारी एवं कौशल प्रतियोगिता में शामिल होने मार्गदर्शन मिला।
———---