महासमुन्द

घायल किसान मनबोध को लेकर एक बार फिर कांग्रेस ने साधा निशाना
15-Dec-2025 3:55 PM
घायल किसान मनबोध को लेकर एक बार फिर कांग्रेस ने साधा निशाना

कहा-दो हफ्ते का वक्त बीत जाने के बाद भी भाजपा नेता या मंत्री किसान से मिलने नहीं पहुंचा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,15दिसंबर। महासमुंद जिले के बागबाहरा के किसान मनबोध ने टोकन नहीं मिलने पर ब्लेड से अपने गले पर वार कर आत्महत्या की कोशिश की थी। इस मामले को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर भाजपा पर निशाना साधा है।

कांग्रेस ने कहा है कि दो हफ्ते का वक्त बीत जाने के बाद भी कोई भाजपा नेता या मंत्री किसान से मिलने नहीं पहुंचा है। कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकार कितनी असंवेदनशील है, उसका उदाहरण देखने को मिलती है। सरकार की लापरवाही और किसान विरोधी नीति के कारण बागबाहरा के किसान ने टोकन नहीं मिलने पर गला काट लिया। उनका इलाज मेकाहारा में चल रहा है, लेकिन आज तक भाजपा का कोई भी मंत्री उस किसान से मिलने नहीं आए। यही राज्य सरकार की संवेदनशीलता है।                         

आनंद शुक्ला ने कहा है कि मनबोध धान बेचने के लिए 3 दिनों से चॉइस सेंटर का चक्कर काट रहे थे, लेकिन उन्हें टोकन नहीं मिल पा रहा था। मोबाइल नंबर से संबंधित कुछ परेशानी के कारण टोकन नहीं कट पा रहा था। जिससे वह परेशान हो गया था और ब्लेड से अपने गले पर कई वार किए।

घायल किसान मनबोध के बेटे शंकर गाड़ा ने बताया कि खेमड़ा सोसाइटी में 50 कट्टा धान बेचने के लिए टेंशन में थे। रोज की तरह सुबह 8 बजे मवेशियों को चराने निकले थे। गांव के खेतों में ही उन्होंने अचानक ब्लेड से अपना गला काट लिया। इससे बहुत ज्यादा खून बह गया है। इसके बाद ग्रामीणों ने गला काटने की सूचना परिजनों को दी। इसके बाद 112 के माध्यम से किसान को बागबाहरा अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन वहां से महासमुंद मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हालत गंभीर होने की वजह से उन्हें महासमुंद अस्पताल से रायपुर रेफर किया गया है।

मालूम हो कि किसान मनबोध गाड़ा से मुलाकात करने कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल अंबेडकर अस्पताल पहुंचा था। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित प्रतिनिधिमंडल ने किसान के परिवार से मुलाकात की है। इस दौरान भूपेश बघेल ने कहा था कि किसान सरकार की किसान-विरोधी नीतियों का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में धान खरीदी की व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त है और किसान इस व्यवस्था को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। खरीदी केंद्रों पर बारदाने की कमी, तौल में गड़बड़ी और वजन कम होने जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। इसके अलावा धान के लिए की जाने वाली वसूली भी विवाद का कारण बनी हुई है।


अन्य पोस्ट