महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15दिसंबर। आवारा कुत्तों के हमलों से नागरिकों को बचाने के लिये महासमुंद नगर पालिका ने तैयारी शुरू कर दी है। जिला मुख्यालय में 750 से अधिक आवारा कुत्तों को पहचान की गई है। इन सभी का बधियाकरण कराने के साथ-साथ एंटी रैबीज टीकाकरण भी किया जायेगा। बाद में हेल्पलाइन भी जारी किये जाने की तैयारी है। अब यदि किसी को इससे आवारा कुत्तों की लेंगे तो पीडि़त व्यक्ति में संक्रमण नहीं फैलेगा। बीते माह उच्चतम न्यायालय में सार्वजनिक स्थान, स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और हाइवे से आवारा कुत्तों को हटाने, उनकी नसबंदी करने के साथ-साथ टीकाकरण करने और फिर सभी को शेल्टर होम में रखने या निर्दिष्ट स्थानों पर छोडऩे का आदेश दिया था। ताकि कुत्तों के काटने की घटनाओं को रोका जा सके।
साथ ही यह भी निर्देश दिये थे कि नसबंदी और वैक्सीनेशन के बाद इन कुत्तों को वापस उन्हीं जगहों पर न छोड़ा जाये,जहां से उन्हें लाया गया था। बल्कि इन्हें शेल्टर में रखा जाये। इसी तरह आवारा कालों व मवेशियों को नेशनल व स्टेट हाइवे से तत्काल हटाकर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए। इस मामले में नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू ने बताया कि आदेशों के परिपालन में कार्य योजना बनाने का निर्देश दिया गया है। सीएमओ अशोक सलामे व पालिका टीम ने इस पर काम शुरू कर दिया है।
नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू ने बताया कि सेल्टर होम के लिये बंधवा तालाब के पास स्थित पुराने कांजी हाउस का चयन कर लिया। इसकी मरम्मत का काम पूरा हो चुका है। नसबंदी और टीकाकरण आवारा कुत्तों की यहीं रखा जायेगा। इसी तरह कुत्तों को भोजन आदि के लिए स्थल चयन किया जा रहा है। भोजन स्थलों पर बोर्ड लगाये जायेंगे और निर्धारित स्थल पर ही लोग आवारा कुतों को भोजन दे सकेंगे। ताकि स्वच्छता बनी रहे और कुत्तों के समूह अनियंत्रित होकर एक स्थान से स्थान पर न भटके।
उन्होंने बताया कि डॉग शेल्टर में आवारा कुत्तों के स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार और उपचार के बाद उनके पुनर्वास की प्रक्रिया जायेगी।
इसी तरह बाद में नागरिकों की सुविधा के लिये हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जायेगा। मिली रिपोर्ट के मुताबिक शहर में 750 आवारा कुत्ते हैं। श्री साहू ने बताया कि वार्ड मोहर्रिरों के सहयोग से आवारा कुत्तों की पहचान की गई है।
इन कुत्तों का बधियाकरण व एंटी रैबीज वैक्सीनेशन कराने के लिये एजेंसियों से आवेदन मंगाये जा रहे हैं।