महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 दिसंबर। महर्षि विद्या मंदिर मचेवा महासमुंद में कल शनिवार को विज्ञान एवं कॉमर्स प्रदर्शनी एवं फूड फेस्ट आनंद मेला का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें नवाचार, रचनात्मकता और सामुदायिक सहयोग की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम प्रभारी के रूप में संदीप शर्मा कार्यक्रम में उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विजय लहरे जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में नंद किशोर सिन्हा सहायक संचालक जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद एवं माता कर्मा महाविद्यालय से कॉमर्स के विभागाध्यक्ष मनोज शर्मा शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। गुरु पूजन को विधिवत करवाने का कार्य विद्यालय के शिक्षक सुभाष पाण्डेय द्वारा किया गया। पश्चात सभी अतिथियों को श्रीफल एवं शॉल से सम्मानित किया गया।
उद्बोधन में शाला के प्राचार्य ने बताया कि यह कार्यक्रम विद्यालय के छात्रों की वैज्ञानिक दृष्टिकोण और समस्या समाधान कौशल को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। अंत में विद्यार्थियों की उपलब्धियों तथा वैज्ञानिक शिक्षा को वास्तविक जीवन के प्रयोग और रचनात्मकता से जोडऩे के महत्त्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला शिक्षा अधिकारी ने भी बच्चों को विभिन्न जानकारियां प्रदान की।
उन्होंने गुरु की महिमा के बारे बताते हुए सभी से अपने गुरुओं का सम्मान करने कहा।
अतिथियों एवं प्राचार्य ने विभिन्न प्रदर्शनीयों का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों से प्रश्नोत्तरी भी किया। विज्ञान एवं कॉमर्स प्रदर्शनी में विभिन्न कक्षाओं के छात्रों द्वारा मॉडल प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों द्वारा वर्किंग माडल बनाए गए थे। वहीं आनंद मेला में पारंपरिक पकवान बनाकर स्टॉल लगाया गया था। कार्यक्रम का संचालन हिंदी के व्याख्याता नंद कुमार साहू द्वारा एवं आभार प्रदर्शन कॉमर्स के व्याख्याता बिंद सिंह ठाकुर द्वारा किया गया।


