महासमुन्द

जीवित को मृत बताकर हड़प ली कोटवारी!
11-Dec-2025 4:34 PM
जीवित को मृत बताकर  हड़प ली कोटवारी!

जनचौपाल में न्याय की मांग

महासमुंद,11दिसंबर। जीवित व्यक्ति को मृत तथा बालिग को नाबालिग बताकर कोटवारी हड़पने का मामला प्रकाश में आया है। इसे लेकर 11 साल से आवेदक कोटवार पुत्र मोतीराम चौहान न्याय के लिए ठोकरें खा रहा है। गंभीर रूप से बीमार मोती राम ने जनचौपाल में आवेदन लगाकर बारहवें बार न्याय की मांग की है। इससे पहले भी वह 11 बार आवेदन दे चुके हैं। इस बार भी कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में मोतीराम चौहान ने बताया कि वह ग्राम भदरपाली के निवासी हैं। साल 1929-30 से उनके पूर्वज ग्राम भदरपाली में कोटवारी का काम करते आ रहे हैं। उसने आवेदन में बताया है कि पिता स्व.रजऊ चौहान ग्राम भदरपाली के कोटवार पद पर कार्य कर रहे थे। उनकी मृत्यु उपरांत उनके वारिस गणेशराम, कार्तिक, महेश एवं मोतीराम इनमें से किसी एक व्यक्ति को कोटवारी पद विधि अनुसार दिया जाना था। लेकिन रमला बाई पत्नी स्व. वरूण सिंह वर्तमान में ग्राम भदरपाली में कोटवार का काम कर रही है। उन्होंने तहसीलदार को असत्य व भ्रामक जानकारी देकर जीवित व्यक्ति को मृत बताकर तथा बालिग व्यक्ति को नाबालिग बनाकर कोटवार का पद पाया है।  वर्तमान में भदरपाली कोटवार रमला के खिलाफ  अनेक ठोस सबूत हैं। जिसकी समुचित जांच किया जाना न्याय के हित के लिए आवश्यक है। आवेदक ने मांग की है कि आवेदन पर गंभीरता से विचार करते हुए वर्तमान कोटवार ग्राम भदरपाली रमला सिंह बेवा वरूण सिंह के विरूद्ध जांच कर उचित कार्रवाई किया जाए।


अन्य पोस्ट