महासमुन्द

धान बेचने के लिए किसान प्रताडऩा की पराकाष्ठा, एसआईआर में मतदाता कम किए जा रहे -द्वारिकाधीश
09-Dec-2025 3:54 PM
धान बेचने के लिए किसान प्रताडऩा की पराकाष्ठा, एसआईआर में मतदाता कम किए जा रहे -द्वारिकाधीश

जगह-जगह नए कांग्रेस जिलाध्यक्ष का स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 9 दिसंबर। खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव को जिलाध्यक्ष चुने जाने पश्चात सोमवार को प्रथम जिला मुख्यालय आगमन हुआ। उनके स्वागत का सिलसिला झलप से शुरु हुआ और महासमुंद कांग्रेस भवन तक जगह-जगह कांग्रेसियों ने उनका स्वागत किया। तुमगांव में पूर्व जिपं सभापति अमर अरूण चंद्राकर के नेतृत्व में, घोड़ारी में नगर पंचायत अध्यक्ष तुमगांव बलरामकांत साहू एवं किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानिक साहू के नेतृत्व में और महासमुंद में नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू, पूर्व नपा उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार चंद्राकर, दिव्येश चंद्राकर, महामंत्री हर्षित चंद्राकर के नेतृत्व में स्वागत हुआ।

 नवनियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्ष खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यहां सामूहिक नेतृत्व होगा। बूथ के कार्यकर्ताओं के अलावा वरिष्ठ कांग्रसजनों से हर मामलों में सहमति ली जाएगी। उन्होंने एसआईआर पर सवाल उठाते हुए कहा कि हिंदुस्तान में यह बहुत बड़ी चुनौती है। निर्वाचन आयोग भाजपा के इशारे पर काम करते हुए लोगों को वोट से वंचित करने के लिए काम कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि जिले में 50 से 60 हजार मतदाता कम हो जाएंगे। इसलिए एसआईआर को चुनौती के रूप में लेकर सबसे पहले इसी पर काम करेंगे। कांग्रेस सरकार में अमीर-गरीब सभी को वोट देने का अधिकार दिया था। किंतु भाजपा सरकार लोगों को वोटे देने से ही वंचित करने का कार्य कर रही है।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में शराब की अवैध बिक्री करने वाले, गांजा बेचने वालों को कोई परेशानी नहीं है लेकिन किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए परेशानियों के भंवर जाल में ढकेल दिया गया है। किसान धान बेचने के लिए परेशान होकर अपना गला काटकर आत्महत्या का प्रयास कर रहे हैं। अध्यक्षीय उद्बोधन में निवृत्तमान जिलाध्यक्ष डॉ.रश्मि चंद्राकर ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने नवनियुक्त अध्यक्ष को शुभकामनाएं दी।

पदभार सभा को पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर,बागबाहरा जनपद अध्यक्ष केशव चंद्राकर, सरायपाली विधायक चातुरीनंद, पूर्व विधायक देवेंद्र बहादुर ने संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन का मजबूत कड़ी बताया और कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता उतने ही महत्वपूर्ण हैं जितने कांग्रेस के पदाधिकारी। मंच पर मोहित ध्रुव, खिलावन बघेल, ढेलू निषाद, दाउलाल चंद्राकर, अमर अरुण चंद्राकर, गौरव चंद्राकर सहित कांग्रेसजन मौजूद रहे। मंच संचालन प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री अमरजीत चावला एवं आभार प्रदर्शन नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने किया। इसके बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि भाजपा की राज्य व केंद्र सरकार को उद्योगपति चला रहे हैं। इसका प्रमाण ये है कि खल्लारी व महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के खेतों को मिलने वाला सिकासेर का पानी उद्योगों को देने की साजिश हो रही है। यह भी कहा कि करणी कृपा प्लांट से होने वाले प्रदूषण की चपेट में कई गांव आ गए हैं। सिकासेर की पानी आने की खबद के बाद और भी बड़े उद्योग इस क्षेत्र में लग जाएंगे तो खतरा महासमुंद शहर तक बढ़ जाएगा। कांग्रेस भवन में शाम को पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री यादव ने कहा कि देशभर में बड़े उद्योग पतियों के भारी भरकम कर्जे माफ  किए जा रहे हैं। सरकारों को उद्योग पति चला रहे हैं। इसलिए भाजपा सरकारें व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि संगठन में गुटबाजी नहीं मनभेद हो सकते हैं। भाजपा में कार्यकर्ता बेहद नाराज हैं। आगामी चुनाव में भाजपा कांग्रेस से ही नहीं लड़ेगी बल्कि उन्हें अपने ही कार्यकर्ताओं का सामना भी करना पड़ेगा। जिला संगठन में सामूहिक नेतृत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि सामूहिक नेतृत्व से ही निष्कर्ष पर पहुंचकर निर्णय लेंगे। एक सवाल परंंंं श्री यादव ने कहा कि पार्टी संगठन उन्हें बूथ कमेटी का सदस्य भी बना दें तो भी वे यह जिम्मेदारी पूरी करेंगे। टोकन नहीं कटने से गला काटकर खुदकुशी करने की कोशिश करने संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने अस्पताल जाकर उनसे भेंट की हैं। मैंने स्वयं मुख्यमंत्री को स्वेच्छानुदान मद से मनबोध की मदद करने पत्र लिखा है।  उन्होंने कहा कि बहुत शीघ्र मंडल, सेक्टर, बूथ कटियों तथा कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठों की नई कमेटियों का गठन कर लिया जाएगा। बूथ स्तर पर मासिक बैठक होगी तथा जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक जिला मुख्यालय के अलावा ब्लाक स्तर पर भी की जावेगी। किसान अभी धान बेचने के लिए काफी परेशान हैं। पहले सामान्य पंजीयन, फिर एग्रीस्टेक पंजीयन, कभी सर्वर डाउन, कभी नेटवर्क इशू, नेटवर्क आ गया तो रकबा नहीं नहीं दिखता, कभी खसरा नहीं दिखता, इसके लिए तहसीलदार, पटवारी का चक्कर लगाना पड़ रहा है। यह धान बेचने के लिए प्रताडऩा की पराकाष्ठा है।

          कांग्रेसाध्यक्ष ने कहा कि किसानों की मदद के लिए कांग्रेस का एक-एक सिपाही मैदान में उतरेगा। उपार्जन केंद्रों में कांग्रेसजनों की एक टीम किसानों की मदद के लिए तैनात रहेगी। टोकन से लेकर धान बिकवाने तक कांग्रेस का सिपाही किसानों की मदद करेगा। उसकी मॉनिटरिंग जिला कांग्रेस कमेटी और मैं खुद करूंगा। साथ किसानों की मदद के लिए हेल्प लाइन नंबर भी जारी करेंगे। इसी तरह मतदाता पुनरीक्षण एसआईआर को लेकर भी हम कांग्रेस जनों को अलर्ट पर रख रहे हैं। बिहार की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी लाखों की तादाद में वोट चोरी की आशंका है। प्रत्येक बूथ पर कांग्रेस स कार्यकर्ता मतदाताओं के वोट काटने, जोडऩे को लेकर सतर्क रहेंगे। जिले में एक भी वोट चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदेश का दुर्भाग्य है कि बेरोजगारों के लिए सरकार के पास कोई योजना नहीं है। मनरेगा में ग्रामीणों को रोजगार नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरक्षण को खत्म करने की कोशिश का आरोप लगाया। श्री यादव ने कहा कि मंडल, ब्लॉक कांग्रेस और बूथ कमेटियों का गठन वरिष्ठ जनों से चर्चा के बाद शीघ्र किया जाएगा। इसी तरह महिला कांग्रेस, युकां, सेवा दल, एनएसयूआई व सभी प्रकोष्ठों का गठन भी सामूहिक निर्णय लेकर किया जाएगा। बूथ स्तर मासिक बैठक होगी। साथ ही जिला कमेटी की बैठक जिला मुख्यालय के अलावा ब्लॉक स्तर पर भी की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अगली दफे जिले की चारों सीटें जीतने का संकल्प लेने कहा।


अन्य पोस्ट