महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 दिसंबर। कल गुरुवार को विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने ग्राम भोरिंग में प्रस्तावित महतारी सदन के लिए स्थल निरीक्षण किया। मालूम हो कि प्रदेश में ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए महतारी सदन का निर्माण का कार्य चल रहा है। महासमुंद विधानसभा अंतर्गत दो चरणों में कुल 5 ग्रामों में महतारी सदन स्वीकृत हो चुका है, जिसमें से पहले चरण में ग्राम झलपए पटेवा और खट्टी में महतारी सदन को स्वीकृति मिली थी। इसमें ग्राम खट्टी के महतारी सदन का लोकार्पण हो चुका है। इसके पश्चात 2 और महतारी सदन की स्वीकृति ग्राम भोरिंग और बिरकोनी के लिए मिली।
इस संबंध में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक ग्राम पंचायतों में ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने के साथ महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से महतारी सदन का निर्माण किया जाना है। इस योजना के अंतर्गत चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश के अलग-अलग जिलों के गांवों को जोड़ा जाएगा। पहले चरण में महासमुंद विधानसभा के तीन गांव झलप, पटेवा और खट्टी में महतारी सदन को स्वीकृति मिली थी। इसके बाद 02 नए महतारी सदन ग्राम बिरकोनी और भोरिंग में बनाए जाएंगे। इससे ग्रामीण महिलाओं को काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने आगे कहा कि नए भारत के विकास में महिलाओं की सहभागिता लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आत्मनिर्भर भारत अभियान महिलाओं की क्षमता को देश के विकास के साथ जोड़ रहा है। प्रदेश के ग्राम पंचायतों में बनने जा रहा महतारी सदन भी इसी दिशा में एक प्रयास है।
ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को रोजगार दिलाने और उनको काम काज के लिए स्थान उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार गांवों में महतारी सदन बना रही है। सदन में कमरा, शौचालय, बरामदा, हॉल, किचन और स्टोररूम जैसी सुविधाएं रहेगी। पानी के लिए ट्यूबवेल के साथ वाटर हार्वेस्टिंग भी किया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा के लिए इसमे बॉउंड्रीवाल भी बनाए जाएंगे। इस प्रकार महिलाओं के लिए एक ऐसा वातावरण तैयार किया जाएगा जिसकी सहायता से वें अपना स्वयं का रोजगार कर सकती हैं। इस अवसर पर तुमगांव भाजपा मंडल अध्यक्ष तेजेंद्र शर्मा, भाजपा नेता रमेश साहू, राधेश्याम साहू, राजू साहू, शरद मराठा सहित अन्य उपस्थित थें।


